जम्मू : आतंकवादियों तक हथियार पहुंचाने के लिए पाकिस्तान ने शुक्रवार को सांबा सेक्टर में ड्रोन से हथियार गिराए।सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने इन हथियारों को आतंकवादियों के हाथों में पहुंचने से पहले ही बरामद कर पाकिस्तान की साजिश को नाकाम कर दिया। बरामद हथियारों में एक एके-47 राइफल, एक नौ एमएम की पिस्तौल, पिस्तौल की एक मैग्जीन व पिस्तौल की 15 गोलियां शामिल हैं। सीमा सुरक्षा बल के डीआइजी एसपीएस संधु ने बताया कि हथियारों के साथ लकड़ी का एक फ्रेम भी बरामद हुआ है, जिसकी सहायता से हथियारों को ड्रोन के साथ अटैच किया गया था। हथियार करीब 250 मीटर भारतीय क्षेत्र में अंदर आकर फेंके गए थे।
उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, बीएसएफ को इंटेलीजेंस से इनपुट मिला था कि सीमा पार से ड्रोन से हथियार गिराए जा सकते हैं। शुक्रवार को सांबा सेक्टर में तड़के बीएसएफ के आधुनिक उपकरणों से सीमा के पास दुश्मन के ड्रोन की गतिविधि के संकेत मिलने के बाद सतर्क सीमा प्रहरियों ने सीमा से सटे इलाकों को खंगालना शुरू कर दिया। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे बीएसएफ के जवानों ने ड्रोन द्वारा फेंके गए हथियारों का पैकेट बरामद कर लिया।
सीमा सुरक्षाबल जम्मू सेक्टर के आइजी एनएस जम्वाल ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शुक्रवार को दोपहर में रेगाल इलाके का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने ड्रोन से फेंके गए हथियार बरामद करने वाले सीमा प्रहरियों का हौसला भी बढ़ाया। वहीं, बीएसएफ ने पाकिस्तान से सटे सभी इलाकों को खंगालने की मुहिम तेज कर दी है। पुलिस के साथ मिलकर सीमा पर इस ओर सक्रिय देश विरोधी तत्वों की पहचान करने के लिए भी कदम उठाया जा रहा है। सांबा के रेगाल इलाके में पाकिस्तान पहले भी इस तरह की साजिशें रचता रहा है।
पांच मई को यहां सीमा प्रहरियों ने भारतीय इलाके में घुस रहे एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया था। रेगाल इलाके में सेना ने पिछले साल 22 नवंबर को पाकिस्तान की सुरंग का भी पता लगाया था। तीन मई को पाकिस्तान ने सांबा के रामगढ़ इलाके में गोलाबारी कर आतंकियों की घुसपैठ करवाने का प्रयास किया था, जिसे बीएसएफ के जवानों ने नाकाम बना दिया था। इसलिए ड्रोन से हथियार फेंके जाने के बाद बीएसएफ अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दुश्मन के मंसूबों को नाकाम बनाने के लिए हाई अलर्ट पर है।
इस वर्ष ड्रोन से हथियार गिराने के बड़े मामले : 24 अप्रैल को जम्मू के अरनिया इलाके में हथियार फेंकने आए दो ड्रोन को गोलीबारी कर भगाया।18 जनवरी को ड्रोन द्वारा भेजे हथियार ले जाते दो ओवरग्राउंड वर्कर रामबन के बटोत में पकड़े। – 22 सितंबर को जम्मू जिले के अखनूर में ड्रोन द्वारा फेंके गई एके-47 राइफल और पिस्तौल बरामद। पिछले साल भी पाक ने की थी साजिश : – 20 सितंबर को जम्मू के अरनिया में 62 किलो हेरोइन और दो पिस्तौल बरामद। – 20 जून को हीरानगर में हथियार लेकर घुसा पाकिस्तानी ड्रोन मार गिराया।


