सालोन बी भागवत कथा में पहुंचे पण्डोखर सरकार, दिव्य दरबार में पर्ची निकालकर किया समस्याओं का निदान

दतिया ।  सालोन बी ग्राम में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में अद्भुत चमत्कारी नज़ारा देखकर सैकड़ों श्रद्धालुओं को अपने दांतों तले अंगुली दबाने पर मजबूर होना पड़ा। जहां क्षेत्र के ही ग्राम पण्डोखर से आए युवा संत गुरुशरण महाराज उपस्थित श्रद्धालुओं की भीड़ में से किसी को भी उठने का आदेश देते, जो भी महिला या पुरुष उठता वह सामने बने भव्य श्रद्धा मंच पर पहुंचकर अपनी समस्या बतलाता और संत अपने द्वारा पूर्व से ही लिखित एक पर्चा उसके सामने रख देते। जिस पर प्रश्नकर्ता पीड़ित व्यक्ति अपनी समस्या और उसके समाधान को पाकर अभिभूत हो जाता। यह नजारा देखकर उपस्थित जनमानस ने देखा।

दरअसल दतिया जिले की भांडेर तहसील स्थित ग्राम सालोन बी के प्रसिद्ध मां भुवनेश्वरी देवी मंदिर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में भाग लेने गृहस्थ संत गुरुशरण महाराज भी पहुंचे। जहां क्षेत्रवासियों ने उनके आगमन पर स्वागत कर अगवानी की। इस दौरान पंडोखर सरकार धाम के पीठाधीश्वर गुरुशरण महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया। कथा के आयोजक, क्षेत्रवासियों और व्यास पीठ पर विराजमान श्रीमद्भागवताचार्य संत अष्टवक्र वृंदावन धाम के अाग्रह पर कथा स्थल पर पहुंचे गुरुशरण महाराज के दिव्य दरबार का आयोजन किया गया।

इस मौके पर संत गुरुशरण महाराज ने अनेक भक्तों की विभिन्न दैहिक, दैविक व भौतिक समस्याओं का सटीक निदान किया। दरबार में जिन भक्तों की अर्जी लगाई गई उन्हें पंडोखर सरकार धाम में पांच अमावस्या हाज़िरी लगाने के लिए निर्देशित किया गया। जिससे उन्हें बाधा, व्याधि, रोग, दोष आदि अनेक प्रकार की समस्याओं से मुक्ति मिले। गौरतलब है कि पण्डोखर धाम में प्रतिमाह अमावस्या से दशमी तिथि तक मेला आयोजित होता है । जिसमें संत गुरुशरण महाराज देश-विदेश से आने वाले हजारों पीड़ितजनों की विभिन्न समस्याओं का समाधान अपने आध्यात्मिक मार्गदर्शन द्वारा बताते हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter