पानीपत : हरियाणा में पानीपत के तहसील कैंप में दो बच्चियों के झगड़े में पड़ोसी रिश्तेदार महिला ने चार महीने के बच्चे की टायलेट क्लीनर पिलाकर हत्या कर दी। आरोपित महिला बच्चे के पिता के चचेरे भाई के साले की पत्नी है। थाना शहर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के जिला शहजहांपुर के हथगांव निवासी कांता ने बताया कि वह परिवार सहित तहसील कैंप के विकास नगर में किराये के मकान में रहती हैं। पति विनोद विकास नगर में पल्लेदारी का काम करते हैं।
उनके पड़ोस में ही उनके पति के चचेरे भाई का साला शहजहांपुर जिले के गांव पसियानी निवासी बीरपाल, अपनी पत्नी लक्ष्मी और बच्चों के साथ रहता है। करीब आठ दिन पहले उनकी चार साल की बेटी शालू का लक्ष्मी की बेटी नैना के साथ खेलते हुए झगड़ा हो गया था।
फिर दोनों बच्चियों को नहलाते समय साबुन को लेकर भी कहासुनी हो गई थी। मंगलवार सुबह पति काम पर चले गए। वह अपनी बेटी के साथ पीने का पानी लेने के लिए तीसरी मंजिल से दूसरी मंजिल पर आई।
अपने कमरे में पहुंची तो अंदर से पड़ोसी लक्ष्मी भागती हुई निकली। वह अंदर गई तो देखा कि चार महीने के बेटे हर्षित के मुंह से झाग निकल रहा था। पास में ही फर्श पर तेजाब ( टायलेट क्लीनर) बिखरा हुआ था।
उसने बाहर आकर शोर मचाया तो लक्ष्मी ने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। बेटे की हालत बिगड़ती देख पति को फोन कर बुलाया।
इसके बाद बेटे को रामलाल चौक स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से डाक्टरों ने हालत गंभीर होने पर उसे रोहतक पीजाआइ रेफर कर दिया। पीजीआइ में वेंटिलेटर न मिलने के कारण वह बुधवार को एंबुलेंस से बेटे को लेकर वापस पानीपत लौट रहे थे तभी रास्ते में सुबह करीब 9:30 बजे बेटे ने दम तोड़ दिया।
गुरुवार को डा. नारायण डबास और डा. गौरव के बोर्ड ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम किया और स्वजनों को सौंप दिया। विसरा जांच से पता चलेगा कि बच्चे की मौत किस जहर के असर से हुई थाना शहर प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि कांता के बयान पर केस दर्ज कर लक्ष्मी को गिरफ्तार कर लिया है।
डाक्टरों ने बताया कि बच्चे की मौत टायलेट क्लीनर के पिलाने से हुई है। विसरा रिपोर्ट से पता चल पाएगा कि टायलेट क्लनीर में किस तरह का जहर था।


