बिहारः केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस को दिल्ली में मिली जान से मारने की धमकी, अमित शाह और नीतीश से मांगी सुरक्षा

पटना : केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री पशुपति कुमार पारस को दिल्ली में उनके मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम उनके फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी है और परिचय पूछने पर गाली-गलौज की। मामले में दिल्ली फोन पर धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

केंद्रीय मंत्री पारस ने दिल्ली से फोन पर बताया कि उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मैं लोजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष हूं और पार्टी का देशभर में विस्तार कर रहा हूं, इससे मेरे विरोधी खफा हैं।

उन्होंने कहा कि गत दिनों मैं अपने संसदीय क्षेत्र हाजीपुर के दौरे पर गया था तब वहां भी कुछ लोगों ने अभद्र व्यवहार किया था और मोबिल फेंकने का काम किया था। ये कौन लोग थे और इसे रोकने में पुलिस से कैसे चूक हुई, इसकी पूरी जांच कराने की मांग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से की है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर दिल्ली में अज्ञात व्यक्ति द्वारा धमकी दिए जाने के मामले की जांच कराने और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इन सब के पीछे उनकी राजनीतिक साजिश है जो मुझे रास्ते से हटाना चाहते हैं, लेकिन मैं किसी से डरने वाला नहीं हूं। उन्होंने यह भी बताया पिछले दिनों ही हमारी पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव केशव प्रसाद सिंह को भी पटना में फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!