मतदान सामग्री लेकर आज केंद्रों के लिए रवाना किए जाएंगे दल
दतिया.मतदान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। 3 नवम्बर को होने वाले मतदान के लिए दल के सदस्यों को आज 2 नवम्बर को सुबह 7 बजे मतगणना स्थल दतिया से मतदान सामग्री प्राप्त कर मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया जाएगा। उक्त जानकारी देते हुए कलेक्टर दत्त ने बताया कि 1 नबंवर शाम 6 बजे से प्रचार-प्रसार का कार्य पूर्ण रूप से प्रतिबंधित हो गया है। मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न हो इसके लिए सात सुरक्षा बल की कंपनियां विधानसभा क्षेत्र में निगरानी रखेंगी । इसके साथ ही 12 फ्लाइंग स्काॅड टीमें भी निरंतर विधानसभा क्षेत्र में भ्रमण कर निगरानी रखेंगी। आवश्यकता पड़ने पर इन टीमों को बढ़ाया भी जा सकता है।कलेक्टर ने मतदान के संबंध में भांडेर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों की बैठक भी ली। जिसमें उन्होंने कहा कि मतदान के दिन उम्मीदवार एवं राजनैतिक दलों को निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के साथ कोविड-19 की गाईड लाईन का भी पालन करें। कलेक्टर ने बैठक में बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जिला निर्वाचन अधिकारी, प्रेक्षकगण, पुलिस अधीक्षक आदि को भी अवगत करा सकते है। उन्होंने उम्मीदवारों एवं राजनैतिक दलों से कहा कि वह मतदान अभिकर्ता एवं मतदाताओं से भी आग्रह करें कि वह मास्क लगाकर ही मतदान केन्द्र पर जाए।

दलों को ले जाने वाली बसों को किया गया सैनिटाइज

मतदान सामग्री वितरण के दौरान मतदान दल के सदस्यों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए सुविधाओं का पूर्ण ध्यान रखा जा रहा है। मतदान सामग्री वितरण स्थल पर सैनिटाईजर की पूर्ण व्यवस्था के साथ-साथ सोशल डिस्टेंस का भी पालन किया जाएगा। मतदान दलों को मतदान केन्द्रों तक पहुंचाने के लिए एवं उन्हें वापिस लाने के लिए 80 बसों एवं 50 चार पहिया वाहनों की व्यवस्था की गई है। इन सभी वाहनों को सैनिटाईज किया गया है। सामग्री वितरण कार्य में लगे दल के सदस्यों को सुबह 6.30 बजे सामग्री वितरण केन्द्र पर उपस्थित होना होगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter