मालदीव दौरे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह : द्वीपीय देश को गश्ती नौका और एक ‘लैंडिंग क्राफ्ट’ सौंपेंगे

नई दिल्ली  : रक्षा मंत्री  राजनाथ सिंह 1 से 3 मई, 2023 तक मालदीव की आधिकारिक यात्रा करेंगे। यात्रा के दौरान, राजनाथ सिंह मालदीव की रक्षा मंत्री मारिया अहमद दीदी और विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। विचार-विमर्श के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों से संबंधित सभी क्षेत्रों की समीक्षा की जाएगी। रक्षा मंत्री मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह से भी मुलाकात करेंगे।

मित्र देशों और क्षेत्र के साझीदारों की क्षमता निर्माण के लिए भारत की प्रतिबद्धता के अनुरूप, राजनाथ सिंह मालदीव के राष्ट्रीय रक्षा बलों को एक फास्ट पेट्रोल वेसल जहाज और एक लैंडिंग क्राफ्ट उपहार में देंगे।

अपने प्रवास के दौरान वह देश में जारी परियोजना स्थलों का भी दौरा करेंगे और प्रवासी भारतीयों से बातचीत करेंगे। रक्षा मंत्री की यात्रा दोनों देशों के बीच मित्रता के प्रगाढ़ संबंधों के निर्माण में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

Banner Ad

भारत और मालदीव समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद, कट्टरपंथीकरण, समुद्री डकैती, तस्करी, संगठित अपराध और प्राकृतिक आपदाओं सहित साझा चुनौतियों का प्रभावी ढंग से समाधान करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।

भारत की ‘पड़ोसी पहले’ नीति के साथ-साथ सागर (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास) विजन तथा मालदीव की ‘भारत पहले’ नीति में हिंद महासागर क्षेत्र के भीतर क्षमताओं को संयुक्त रूप से विकसित करने के लिए मिलकर कार्य करने की इच्‍छा जताई गई है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter