गायों की मौत को लेकर नाराज लोगों ने किया चक्काजाम, अवैध शराब नाले में बहाने के कारण हुआ हादसा

दतिया।  इंदरगढ़ में भांडेर रोड िस्थत कंजर डेरा पर शनिवार को मृत अवस्था में पड़ी मिली गायों को लेकर बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने बीच सड़क पर गायों के शव रखकर भांडेर चौराहे पर जाम लगा दिया। इस घटना से नाराज लोगों का कहना था कि शुक्रवार को पुलिस और आबकारी टीम द्वारा कंजर डेरा से पकड़ी गई अवैध शराब, गुड लाहन आदि को सही ढंग से नष्ट करने के बजाए डेरा के पास बह रहे नाले में ही बहा दिया गया। जिसका पानी पीने से गायों की मौत हुई है, जबकि कुछ गौवंश बेहोशी की हालत में पहुंच गया है। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी करते हुए आवागमन अवरुद्ध कर दिया। करीब दो घंटे जाम के कारण चौराहे पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।

सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पूरी होने से पहले हटने को तैयार नहीं हुए। सेवढ़ा एसडीएम के अवकाश पर होने के कारण दतिया से एसडीएम अशोक सिंह चौहान व एसडीओपी दीक्षित मौके पर पहुंचे। जहां जाम लगाए बैठे कार्यकर्ताओं ने शराब विनिष्टकरण करने में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग के साथ एक ज्ञापन सौंपा गया। जिस पर एसडीएम चौहान ने इस मामले में जांच कर दोषियों पर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद जाम खुल सका।

इस दौरान कांग्रेस ब्लाक कमेटी अध्यक्ष बालकृष्ण जाटव ने भी गौवंश की मौत के मामले में जांच किए जाने को लेकर एक मांग पत्र अधिकारियों को सौंपा गया। वहीं इस मामले में इंदरगढ़ टीआई वाइएस तोमर ने बताया कि कंजर डेरा के पास से एक गाय और बछड़ा मृत अवस्था में जरुर मिला था। लेकिन उनकी मौत कैसे हुई यह फिलहाल अज्ञात है। जांच के बाद ही मौत का कारण ज्ञात हो सकेगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter