मगरमच्छ घुस आने से आसपास के लोग आए दहशत में : वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित छोड़ा

Datia news : दतिया। बस्ती में मगरमच्छ घुस आने की खबर ने शनिवार को बसई के ग्राम बरधुवां में दहशत फैला दी। गनीमत यह रही कि मगरमच्छ छोटे आकार का था। जिसे किसी तरह पकड़कर वन विभाग की टीम के सुपुर्द कर दिया गया। बसई क्षेत्र में पहले भी मगरमच्छ घुस आने की घटनाएं हो चुकी हैं।

शनिवार को बसई क्षेत्र के ग्राम बरधुवां में सुबह की सैर पर निकले कुछ युवाओं को बस्ती में मगरमच्छ का बच्चा दौड़ता हुआ नजर आया। कुछ लोगों ने हिम्मत कर उसे कपड़े की मदद से सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद वन विभाग के डिप्टी रेंजर केएन चतुर्वेदी को इस बारे में जानकारी दी गई।

उन्होंने तत्काल मौके पर वन विभाग की टीम रवाना की। टीम ने मगरमच्छ के बच्चे को कब्जे में लेकर उसे सुरक्षित  बांध में छोड़ दिया। वहीं मगरमच्छ को देखने के लिए बच्चों में काफी कौतूहल नजर आया।

युवकों ने बताया कि बीच रास्ते में मगरमच्छ का बच्चा दौड़ता हुआ जा रहा था। जो आसपास बने मकानों में घुस सकता था। इसे देखते हुए हिम्मत दिखाकर कपड़े की मदद से उसे किसी तरह पकड़ा और वन विभाग की टीम के सुपुर्द कर दिया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि पास में ही बेतवा नदी होने के कारण नदी क्षेत्र में पानी के बहाव के साथ मगरमच्छ आदि भी आ जाते हैं। पिछले वर्ष भी खेतों में नदी का पानी आ जाने के दौरान वहां मगरमच्छ भी आ गए थे। जिनके बारे में तब पता चला जब उन्होंने खेत पर जाने वाली बकरियों को अपना शिकार बनाना शुरू कर दिया। इसके बाद ग्रामीण अलर्ट हुए और संबंधितों को खबर दी गई थी।

Banner Ad

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter