वेक्सीन लगवाने सुबह से कतार में खड़े रहे लोग, नहीं पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम, मायूस होकर लौटे ग्रामीण

Datia News : दतिया। बसई क्षेत्र के ग्राम सांकुली और जैतपुर में गुरुवार को वेक्सीनेशन किए जाने की सूचना दी गई थी। लेकिन जब ग्राम सांकुली में ग्रामीण वेक्सीन लगवाने पहुंचे तो वहां उन्हें काफी देर बाद बताया गया कि आज वेक्सीन नहीं लगाई जाएगी। इस सूचना के बाद ग्रामीण मायूस होकर लौट गए।

वहीं ग्राम जैतपुर में भी वेक्सीन के 130 ही डोज लग पाए। कुछ ग्रामीण 3 घंटे तक लाईन में लगे रहे। जब उनकी बारी नहीं आई तो वह घर वापिस लौट गए। बताया जाता है कि इस केंद्र पर वेक्सीन खत्म हो गई थी। जिसके कारण कुछ लोगों को वेक्सीन नहीं लग सकी।

गुरूवार सुबह से ही सांकुली पंचायत में वेक्सीन लगवाने के लिए ग्रामीण महिला-पुरुषों की कतार लग गई। काफी देर तक जब स्वास्थ्य विभाग की टीम नहीं आई तो इंतजार कर रहे लोगों ने वहां मौजूद संबंधितों से जानकारी ली।

जिस पर सहायक सचिव अवधेश राजपूत ने लोगों को बताया कि वेक्सीनेशन कार्य करने वाली टीम आज नहीं आ रही है। इसलिए वेक्सीनेशन नहीं हो पाएगा। यह सुनकर ग्रामीण मायूस हो गए और घर वापिस लौट गए।

ग्रामीणों ने बताया कि सांकुली में ऐसा दूसरी बार हुआ। इससे पहले भी एक बार सूचना के बाद भी टीम नहीं आई थी। इस मामले में बसई मेडीकल आफिसर डा.शरद गुप्ता ने बताया कि वेक्सीन कम थी, इसलिए वेक्सीनेशन कैंसिल कर दिया गया। गुरूवार को बसई क्षेत्र में 276 डोज लगाए जा सके।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!