PM मोदी 12 अगस्त को आयेंगे मध्यप्रदेश : 50 हजार करोड़ रूपए की पेट्रोकेमिकल विस्तारीकरण योजना का करेंगे भूमि-पूजन !

भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 12 अगस्त को मध्यप्रदेश आयेंगे। प्रदेश में संत रविदास समरसता यात्राएँ जारी हैं,जिनका समापन सागर के बड़कुमा में 12 अगस्त को होगा। प्रसन्नता का विषय है कि प्रधानमंत्री  मोदी का आगमन संत रविदास जी के स्मारक के भूमि-पूजन के लिए हो रहा है।

उल्लेखनीय है कि संत रविदास जी की जयंती पर सागर में हुए कार्यक्रम में यह घोषणा की थी कि बड़कुमा (सागर) में 100 करोड़ रूपए की लागत से संत रविदास जी का भव्य मंदिर और विशाल स्मारक बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री  चौहान श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में पौध-रोपण के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे।

50 हजार करोड़ रूपए की है पेट्रोकेमिकल विस्तारीकरण योजना : मुख्यमंत्री  ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी मध्यप्रदेश और बुंदेलखंड को एक बड़ी सौगात के रूप में बीना रिफायनरी पेट्रोकेमिकल की विस्तारीकरण परियोजनाओं का भूमि-पूजन करेंगे। बीपीसीएल की रिफायनरी वर्ष 2011 से मध्यप्रदेश में कार्यरत है, अब इसका विस्तारीकरण कर पेट्रोकेमिकल का निर्माण भी किया जाएगा। बीपीसीएल इस परियोजना पर लगभग 50 हजार करोड़ रूपए खर्च करेगी। राज्य शासन द्वारा बीपीसीएल को टैक्स में छूट और सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई है।

मोरी-कोरी-विदिशा-हिनौतिया ‘फोर लेन’ तथा हिनौतिया-मेलुआ ‘टू लेन’ सड़कों का होगा भूमि-पूजन : मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी लगभग एक हजार करोड़ रूपए की लागत के 47 किलोमीटर के मोरी-कोरी-विदिशा-हिनौतिया पैकेज-1 ‘फोर लेन’ तथा हिनौतिया-मेलुआ पैकेज-2 ‘टू लेन’ सड़कों का भूमि-पूजन भी करेंगे। इससे मध्य भारत में बेहतर सम्पर्क के साथ-साथ पर्यटक हमारी विश्व धरोहर साँची के बुद्ध स्तूप, अशोक स्तंभ और उदयगिरि की चट्टानों पर बनाए गए गुफा मंदिरों तक आसानी से पहुँच सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री  मोदी रेल मंत्रालय के अधीन कोटा-बीना रेल मार्ग के दोहरीकरण का लोकार्पण भी करेंगे। इस पर 2 हजार 476 करोड़ रूपए की लागत आएगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!