श्रीलंका के लिए नौ साल तक खेलने वाले धम्मिका प्रसाद ने की भूख हड़ताल, जानें क्या है कारण

कोलंबो : श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर धम्मिका प्रसाद ने देश के नेताओं से ईस्टर के दिन हुए आतंकी हमले के शिकार और मौजूदा आर्थिक संकट से जूझ रहे द्वीपीय देश के लोगों के लिये न्याय की मांग करते हुए शुक्रवार को 24 घंटे की भूख हड़ताल शुरू की।

प्रसाद 2019 ईस्टर के दिन रविवार को हुए बम धमाकों के शिकार लोगों के लिये न्याय की मांग के लिये विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के सचिवालय के निकट गॉल फेस एस्प्लांडे में वह रापजक्षे के खिलाफ विरोध कर रहे गुट के साथ शामिल हो गये।

प्रसाद ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं बम धमाकों के शिकार सभी निर्दोषों के लिये न्याय चाहता हूं। ’’ प्रसाद (39 वर्ष) ने 2006 से 2015 तक देश के लिये 25 टेस्ट और 24 वनडे खेलते हुए क्रमश: 75 और 32 विकेट चटकाये थे।

श्रीलंका के आर्थिक संकट पर धम्मिका से पहले कई खिलाड़ियों ने अपनी आवाज बुलंद की थी। श्रीलंका के पूर्व कप्तान और आईपीएल की टीम मुंबई इंडियंस के कोच महेला जयवर्धने ने कहा था कि देश की अर्थव्यवस्था को नियंत्रित करने वाले कुछ लोगों ने जनता का विश्वास खो दिया है। ऐसे लोगों को इस्तीफा देना चाहिए।

दूसरी ओर महान श्रीलंकाई क्रिकेटर कुमार संगकारा ने भी अपने विचार साझा किए थे। उन्होंने देश के लोगों के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त की थी। संगकारा ने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट में कहा था कि लोगों की निराशा और उनके संघर्ष को देखकर उनके लिए दिल टूट रहा है। उन्होंने श्रीलंका सरकार से देश भर में विरोध के बीच देश और उसके लोगों के हित में निर्णय लेने का आग्रह किया है। श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान ने यह भी कहा कि सरकार को श्रीलंका के भविष्य की रक्षा के लिए तेजी से काम करना चाहिए।

Written & Source By : P.T.I

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter