PM मोदी के राज्य में फिर लहराया भगवा, निकाय चुनावों में BJP की बंपर जीत, 44 में से 41 सीटों पर कब्जा

गांधीनगर :  महानगर पालिका के चुनाव में भाजपा को शानदार सफलता मिली है। 44 सीटों में से 41 पर भाजपा ने कब्जा जमाया, जबकि कांग्रेस दो व आप एक सीट ही जीत सकी।

आम आदमी पार्टी सूरत के बाद गांधीनगर में भी कांग्रेस के लिए घातक साबित हुई। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए कहा कि भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल अब विधानसभा की 182 सीटें जीतने की तैयारी में लग गए हैं। उधर, पाटिल का कहना है कि गुजरात में तीसरी पार्टी के लिए कोई जगह नहीं है।

चुनाव परिणाम आते ही कार्यकर्ताओं ने गांधीनगर से लेकर सूरत तक जश्न मनाया। गांधीनगर महानगर पालिका के अलावा तीन नगरपालिकाओं के चुनाव गत रविवार को हुए। इसमें एक नगरपालिका को छोड़कर सभी पर भाजपा को भारी बहुमत मिला। गांधीनगर महानगर पालिका में भाजपा, कांग्रेस व आप के बीच मुकाबला था, जिसमें भाजपा ने 44 में से 41 सीटें जीतकर मनपा पर कब्जा बरकरार रखा है। गांधीनगर मनपा में भाजपा को पहली बार पूर्ण बहुमत मिला है।

गांधीनगर के अलावा थरा व ओखा नगर पालिका में भी भाजपा को जीत हासिल हुई, जबकि 25 साल बाद कांग्रेस ने भाणवड नगर पालिका भाजपा से छीन ली। आम आदमी पार्टी का हाल काफी बुरा रहा। मनपा में जीत के दावे करने वाली पार्टी को महज एक सीट पर ही संतोष करना पड़ा। आम आदमी पार्टी को गांधीनगर मनपा चुनाव से काफी उम्मीद थी। आप के चलते सूरत मनपा में कांग्रेस का खाता नहीं खुल सका था, गांधीनगर में भी कमोबेश ऐसा ही हुआ।

गुजरात में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले गांधीनगर महानगर पालिका के चुनाव को सेमीफाइनल के रूप में देखा जा रहा था। इससे पहले फरवरी-मार्च 2021 में हुए निकाय व पंचायत चुनाव में भी भाजपा 90 प्रतिशत सीटें जीतने में कामयाब रही थी।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter