दतिया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शहर के प्रतिष्ठित रतन मेगा मॉल में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मॉल के मैनेजिंग डायरेक्टर अमित अग्रवाल ने मॉल में कार्यरत महिला कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में उनकी पत्नी मेघा अग्रवाल भी उपस्थित रहीं और उन्होंने महिला कर्मचारियों को सम्मानित करने में सहभागिता की।
महिला कर्मचारियों को मिला सम्मान : कार्यक्रम के दौरान मॉल में कार्यरत महिला कर्मचारियों को सम्मान-पत्र एवं उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने महिला कर्मचारियों की कार्यकुशलता और समर्पण की सराहना की।
नारी शक्ति भी है, सशक्त भी : इस अवसर पर अमित अग्रवाल ने कहा कि आज के दौर में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत से नई पहचान बना रही हैं। उन्होंने बताया कि दतिया में रतन मेगा मॉल को ग्राहकों की पहली पसंद बनाने में महिला कर्मचारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। सुरक्षा से लेकर कस्टमर सर्विस और प्रबंधन तक महिलाएं अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभा रही हैं, जो संस्था की सफलता का मजबूत आधार है।
अमित अग्रवाल ने इस दौरान अपनी पत्नी मेघा अग्रवाल की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके निजी जीवन और व्यवसायिक कार्यों में मेघा अग्रवाल का हमेशा महत्वपूर्ण सहयोग रहा है, जिसकी बदौलत आज रतन मेगा मॉल इस मुकाम तक पहुंच सका है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता के पीछे एक मजबूत टीम और परिवार का सहयोग बेहद जरूरी होता है, और जब महिलाओं को समान अवसर और सम्मान मिलता है तो वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करती हैं। यही सोच समाज को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने का मार्ग प्रशस्त करती है।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में पीजी कॉलेज की प्राचार्या जयश्री त्रिवेदी भी मौजूद रहीं। उन्होंने महिला कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच ही महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की शक्ति देती है।
इन महिलाओं को किया गया सम्मानित : इस अवसर पर पूजा गौतम, सुलेखा गौतम, हेमा राहुल, सोनिया बुंदेला, काजल वंशकार, कामिनी बुंदेला, श्रद्धा वर्मा, सविता अहिरवार और रानी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।

