PM मोदी ने “मन की बात” में की झाबुआ के सफाई कर्मियों की सराहना : वेस्ट मटेरियल से सृजन की हुई प्रशंसा

भोपाल : प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” में मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के सफाई कर्मियों की दिल खोल कर प्रशंसा की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में “मन की बात” कार्यक्रम को सुना। उन्होंने झाबुआ के सफाई कर्मियों के कार्य का विशेष उल्लेख करने पर हर्ष व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री  मोदी का आभार जताया। प्रधानमंत्री मोदी ने “मन की बात” में कहा कि झाबुआ जिले के सफाई कर्मी भाई-बइनों ने ‘वेस्ट टू वेल्थ’ के संदेश को सच्चाई में बदलकर दिखाया है। सफाई कामगारों ने सही तरीके से 3-R के मंत्र ‘रिड्यूस-रियूज-रिसाइकिल’ को अपनाया है। सफाई कामगारों की टीम ने झाबुआ के पार्क में कचरे से जो आर्ट वर्क तैयार किया है, वह अदभुत है। पर्यावरण संरक्षण के लिये यह एक सराहनीय एवं प्रेरक पहल है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश के झाबुआ मे कुछ ऐसा शानदान हो रहा है, जिसे आपको जरूर जानना चाहिए। झाबुआ में हमारे सफाई कर्मी भाई-बहनों ने कमाल कर दिया है। उनकी टीम ने शहर में उपयोग उपरांत फेंके गये वेस्ट मटेरियल से विभिन्न कलाकृतियाँ बनाई हैं। प्लास्टिक बॉटलों, पुराने टायरों, पुराने पाइप आदि वेस्ट मटेरियल का उपयोग करके हेलिकॉप्टर, तोपें, कार, जेएमसी (झाबुआ नगर पालिका लोगो), पान के पत्ते, यातायात सिंगल पाईन्ट, दीवार, पौधों हेतु क्यारियाँ, गमलें, आरामदायक बेंच व सोफे इत्यादि की अद्भुत कलाकृतियां बनाई गई हैं।

नगर पालिका झाबुआ के डॉ. भीमराव अम्बेडकर पार्क में उक्त कलाकृतियां एवं सम्पूर्ण कार्य बिना किसी बाहरी व्यक्ति के सहयोग के नगर पालिका झाबुआ में कार्यरत सफाई कामगारों द्वारा ही अपनी मेहनत से तैयार की गई हैं। इसमें मुख्य नगर पालिका अधिकारी के निर्देशन में प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक कमलेश जायसवाल एवं  टोनी मलिया के द्वारा अपने निर्देशन में व्यक्तिगत रूचि के साथ डिज़ाइन करवाया गया है। 

अन्य जिलों में भी ऐसे प्रयोग हों

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री  मोदी द्वारा मध्यप्रदेश के झाबुआ के विशेष उल्लेख पर जिले के सफाई कामगारों, नागरिकों और स्वच्छ भारत मिशन अभियान-2024 के तहत झाबुआ कलेक्टर  नेहा मीना के मार्गदर्शन एवं नगर पालिका अध्यक्ष कविता सिंगार के निर्देशन में हुए बेहतरीन कार्य के लिये प्रशासनिक अमले को बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आशा व्यक्त की कि ‘वेस्ट टू वेल्थ’ के संदेश के साथ सृजन का यह सफल प्रयोग अन्य जिले में भी अपनाया जायेगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!