‘खेलो इंडिया डायलॉग’ में युवाओं से संवाद करेंगे PM मोदी : खेल, युवा नेतृत्व, विकसित भारत और नशामुक्ति समेत 5 मुद्दों पर होगा ‘युवा संवाद’

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 अगस्त को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘खेलो इंडिया डायलॉग’ कार्यक्रम में देशभर के युवाओं को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को भारत की खेल यात्रा से जोड़ने के साथ उनके विचारों और आकांक्षाओं को राष्ट्रीय विकास के एजेंडे से जोड़ना है।

देशभर के कॉलेजों से जुड़ेंगे युवा : कार्यक्रम का आयोजन ‘मेरा युवा भारत’ (MY भारत) की ओर से किया जा रहा है। इसमें देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रत्येक जिले से दो-दो कॉलेजों के युवा शामिल होंगे।

‘खेलो इंडिया डायलॉग’ के जरिए खेल, युवा नेतृत्व, नागरिक जिम्मेदारी, स्वयंसेवा, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर युवाओं को एक साझा मंच मिलेगा।

‘युवा संवाद’ में पांच प्रमुख विषयों पर चर्चा : कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘युवा संवाद’ होगा। इसमें युवा अपनी सोच, सुझाव और आकांक्षाएं साझा करेंगे। संवाद के लिए पांच प्रमुख विषय तय किए गए हैं—

  • भारत का खेल इकोसिस्टम: बेहतर खेल सुविधाएं, कोचिंग, खेल विज्ञान और सभी वर्गों की भागीदारी पर चर्चा।
  • 2036 ओलंपिक की तैयारी: प्रतिभाओं की वैज्ञानिक पहचान, पारदर्शी चयन और खिलाड़ियों के लंबे समय तक विकास पर जोर।
  • युवा नेतृत्व: MY भारत के वॉलंटियरिंग अभियानों और विभिन्न प्लेटफॉर्म के जरिए युवा नेतृत्व को बढ़ावा देना।
  • विकसित भारत: नागरिक कर्तव्य, भविष्य के लिए जरूरी कौशल और स्वयंसेवा के जरिए युवाओं की भागीदारी बढ़ाना।
  • नशामुक्त युवा: खेल और युवा नेटवर्क के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता और अभियान को मजबूत करना।

खिलाड़ियों और युवाओं के बीच होगा सीधा संवाद : राष्ट्रीय कार्यक्रम के बाद स्थानीय स्तर पर भी संवाद आयोजित किए जाएंगे। इनमें युवा प्रतिभागियों के साथ MY भारत के स्वयंसेवक, स्थानीय खिलाड़ी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। खेलों में रुचि रखने वाले युवाओं को प्रमुख खिलाड़ियों और पदक विजेताओं के साथ सीधे बातचीत का अवसर भी मिलेगा।

सरकार के अनुसार, ‘खेलो इंडिया डायलॉग’ का उद्देश्य केवल खेलों को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि युवाओं को फिटनेस, नेतृत्व, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए उनकी भागीदारी को मजबूत करना है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter