नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 अगस्त 2026 को आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में 17,900 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री कर्नाटक के मैसूरु पहुंचकर स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र-विवेक स्मारक का उद्घाटन करेंगे।
5,640 करोड़ की लागत से बने भोगपुरम एयरपोर्ट का उद्घाटन : प्रधानमंत्री मोदी आंध्र प्रदेश के भोगपुरम स्थित अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत 5,640 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विकसित इस ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की सालाना 60 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता है।
एयरपोर्ट को आधुनिक तकनीक और यात्री सुविधाओं से लैस किया गया है। यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बायोमेट्रिक यात्री प्रसंस्करण, ऑटोमेटेड बैगेज हैंडलिंग सिस्टम और स्मार्ट ऑपरेशनल मॉनिटरिंग जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है।
आंध्र प्रदेश के सांस्कृतिक स्वरूप से प्रेरित है टर्मिनल : भोगपुरम एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का डिजाइन आंध्र प्रदेश की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत से प्रेरित है। टर्मिनल की वास्तुकला में चुट्टिलू झोपड़ियों और अरकु घाटी की झलक दिखाई देती है, जबकि इसकी संरचना उड़ती हुई मछली की गति से प्रेरित बताई गई है।
एयरपोर्ट परिसर में 5 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र, वर्षा जल संचयन, ऊर्जा-कुशल सिस्टम, स्मार्ट बिल्डिंग मैनेजमेंट और इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। सरकार के अनुसार, इस एयरपोर्ट से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार को बढ़ावा मिलने के साथ हवाई संपर्क भी मजबूत होगा।
आंध्र प्रदेश में पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की रखी जाएगी आधारशिला : प्रधानमंत्री विशाखापत्तनम में 460 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली एएसआईपी सेमीकंडक्टर परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे। यह परियोजना एएसआईपी टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा दक्षिण कोरिया की एपीएसीटी के सहयोग से विकसित की जा रही है।
यह भारत सेमीकंडक्टर मिशन के तहत स्वीकृति प्राप्त आंध्र प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर विनिर्माण सुविधा बताई गई है। प्रस्तावित संयंत्र में हर साल करीब 96 मिलियन सेमीकंडक्टर चिप्स के उत्पादन की क्षमता होगी। इससे हाई-स्किल रोजगार के अवसरों के साथ राज्य में सेमीकंडक्टर से जुड़े सहायक उद्योगों के विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
अक्षय ऊर्जा और सड़क परियोजनाओं को भी मिलेगी गति : प्रधानमंत्री कुरनूल क्षेत्र में 4.5 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण के लिए करीब 5,550 करोड़ रुपए की ट्रांसमिशन परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा कुरनूल और अनंतपुरम के सौर एवं पवन ऊर्जा क्षेत्रों से जुड़ी कई ट्रांसमिशन परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा।
इन परियोजनाओं के जरिए अक्षय ऊर्जा से पैदा होने वाली बिजली को राष्ट्रीय ग्रिड तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे स्वच्छ ऊर्जा की उपलब्धता बढ़ाने और जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करने की दिशा में भी योगदान मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री 1,880 करोड़ रुपए से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से सड़क संपर्क बेहतर होने, यात्रा समय घटने और प्रमुख शहरों में यातायात दबाव कम होने की उम्मीद है।
मैसूरु में विवेक स्मारक का करेंगे उद्घाटन : आंध्र प्रदेश के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री मोदी कर्नाटक के मैसूरु पहुंचेंगे। यहां वे श्री रामकृष्ण आश्रम में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र-विवेक स्मारक का उद्घाटन करेंगे।
यह स्मारक स्वामी विवेकानंद की नवंबर 1892 में मैसूरु की ऐतिहासिक यात्रा की स्मृति में बनाया गया है। 81,000 वर्ग फुट से अधिक क्षेत्र में फैले इस केंद्र में 4-डी अनुभव केंद्र, प्रदर्शनी हॉल, करीब 700 लोगों की क्षमता वाला एम्फीथिएटर, कक्षाएं, सम्मेलन कक्ष, पुस्तकालय, वाचनालय और ध्यान एवं योग कक्ष जैसी सुविधाएं होंगी।
युवाओं के लिए शिक्षा और नेतृत्व का केंद्र बनाने का लक्ष्य : विवेक स्मारक का उद्देश्य स्वामी विवेकानंद के विचारों और राष्ट्र निर्माण के संदेश को युवाओं तक पहुंचाना है। केंद्र में मूल्य आधारित शिक्षा, नेतृत्व विकास और व्यक्तित्व निर्माण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा व्याख्यान, कार्यशालाएं, अल्पकालिक पाठ्यक्रम और क्षमता निर्माण कार्यक्रमों के जरिए शहरी एवं ग्रामीण युवाओं को जोड़ने की योजना है। केंद्र से आसपास के शिक्षण संस्थानों के 10 हजार से अधिक छात्रों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई गई है।

