नई दिल्ली : दिल्ली कैंट में नौ वर्षीय बच्ची के साथ हुई हृदयविदारक घटना से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काफी व्यथित हैं। उन्होंने बाहरी दिल्ली के सांसद हंसराज हंस से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी थी। सांसद ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री को रिपोर्ट सौंपी और पीड़ित परिवार तक उनका संदेश भी पहुंचाया।
प्रधानमंत्री ने कहा है कि पीड़ित परिवार को इंसाफ मिलेगा। सांसद हंसराज हंस के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। इसके बाद उनके प्रतिनिधि के तौर पर वह गुरुवार को पीड़ित परिवार से मिले और प्रधानमंत्री का संदेश पहुंचाया।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामला चलाने के साथ ही दोषियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा देने की मांग की है। सांसद ने बताया कि समाज के लोगों से बातकर शुक्रवार को उन्होंने प्रधानमंत्री तक पीड़ित परिवार का दर्द उन तक पहुंचा दिया है। घटना की पूरी रिपोर्ट भी सौंप दी है।
सांसद ने कहा कि पीड़ित परिवार की लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। परिवार को ज्यादा से ज्यादा मुआवजा दिलाने की अपील प्रधानमंत्री से की है। उन्होंने कहा कि कई लोग बच्ची को अनुसूचित जाति की बेटी कह रहे हैं। बेटी आखिर बेटी होती है, वह भारत की बेटी थी और उसे न्याय जरूर मिलेगा।


