पड़ौसी राज्य से दतिया में आ रहा जहरीला नशा : अंतर्राज्यीय तस्कर ने पुलिस के सामने किया बड़ा खुलासा

Datia news : दतिया। दतिया में फैल रहे नशे के कारोबार के तार पड़ौसी राज्य उप्र से जुड़े हैं। वहीं से जहरीला नशा लाकर दतिया में खपाया जा रहा है। यह बड़ा खुलासा पुलिस गिरफ्त में आए अंतरराज्यीय तस्कर ने पूछतांछ के दौरान किया है। पकड़े गए तस्कर से 20 लाख की स्मैक बरामद हुई है। जो वह सेवढ़ा क्षेत्र के मंगरौल नीमडांडा क्षेत्र में बेचने की फिराक में था।

पकड़े गए तस्कर ने पुलिस को बताया कि वह उप्र के उरई जालौन से स्मैक लाकर दतिया में खपाने का कारोबार करता था। इस बार भी वह स्मैक लेकर बेचने जा रहा था। इसी दौरान पकड़ा गया। इस खुलासे के बाद पुलिस को पड़ौसी जिलों की सीमाओं पर निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता है। ताकि इस तरह की अवैध तस्करी पर रोक लग सके।

भिंड का रहने वाला है तस्कर : डीपार थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह राजावत ने बताया कि सोमवार-मंगलवार की रात पुलिस को मुखबिर से उक्त अंतर्राज्यीय स्मैक तस्कर के बारे में जानकारी मिली थी। जिसके बाद मुखबिर के बताए स्थान पर पुलिस टीम ने दविश दी।

पुलिस को देखकर आरोपित ने भागने का प्रयास भी किया। लेकिन स्मैक तस्कर गिर्राज शर्मा पुत्र रामकिशुन शर्मा निवासी गोकलपुरा थाना अमायन जिला भिंड काे पुलिस ने मेहरा रोड प्रतीक्षालय के पास गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह मंगरौल नीमडांडा स्मैक बेचने के लिए आया था।

उप्र से लाता था जहरीला नशा : आरोपित के कब्जे से 200 ग्राम स्मैक कीमत 20 लाख रुपये की जप्त की गई। पुलिस पूछतांछ में तस्कर गिर्राज ने बताया कि वह उत्तरप्रदेश के उरई जालौन से स्मैक लाकर जिला दतिया में बिक्री करने का काम करता था।

उक्त तस्कर इस नशीले पदार्थ को खपाने के लिए रात में भिंड से मंगरौल पहुंचा था। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध कर पूछतांछ की है। ताकि नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!