कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष के घर पुलिस दविश देने पहुंची, झांसी फार्म हाउस पर भी की तलाश, पुलिस टीम खाली हाथ लौटी
Datia News : दतिया ।  शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने बसई पहुंचकर कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र खरे के घर और फार्म हाऊस पर दबिश दी। उक्त कांग्रेसी नेता की दो मामलों में पुलिस को तलाश है। बसई में पुलिस बल को गाड़ियों से उतरता देख आसपास के लोग सकते में आ गए। कुछ देर बाद पुलिस ने कांग्रेसी नेता के घर पहुंचकर उनके बारे में परिजनों से पूछतांछ की। जानकारी के अनुसार कोतवाली पुलिस ने कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र खरे के बसई िस्थत घर पर दबिश देने के बाद झांसी के फार्म हाऊस पर उनकी तलाश में पहुंची। दोनों स्थानों पर कांग्रेसी नेता नहीं मिले तो पुलिस को बैरंग लौटना पड़ा। इस दौरान कोतवाली टीआई रविंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ कांग्रेस नेताओं के ठिकानों पर पहुंचे थे। बता दें कि कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष सत्येंद्र खरे धोखाधड़ी और एससीएसटी एक्ट के मामले में फरार हैं। हाईकोर्ट से उनकी अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। इससे पूर्व भी पुलिस उनके आवास पर दबिश दे चुकी है, वे तब भी पुलिस को नहीं मिले थे। इस मामले में पुलिस दल को भी उनकी तलाश में विभिन्न स्थानों पर भेजे जाने की खबर है। नौकरी के नाम पर रुपये लेना का है मामला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष खरे पर सेल्समेन की नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लेने और मारपीट करने का मामला पुलिस में दर्ज कराया गया था। फरियादी युवक राजू ने खरे पर नौकरी दिलाने के एवज में रुपये लेने का आरोप लगाया था। इस संबंध में पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में उल्लेख है कि जब फरियादी नौकरी न मिलने पर रुपये वापिस मांगने उनके घर पहुंचा तो उसके साथ मारपीट की गई। इस मामले में सत्येंद्र खरे ने अग्रिम जमानत का प्रयास किया था। लेकिन उनकी जमानत खारिज कर दी गई।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!