दूल्हे से पुलिस ने मांगी सरकारी अनुमति, तब जाने दी बारात, इधर सोमवार को फिर निकले 228 संक्रमित, 5 की मौत

दतिया। जिले में कोरोना संक्रमण का कहर दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा है। गत रविवार रात से सोमवार शाम 7 बजे तक कोरोना संक्रमण से कुल 5 लोगों की मौत हुई है। इन सभी का अंतिम संस्कार कोरोना प्रोटोकॉल के अनुसार ही स्थानीय श्मशान घाट पर सोमवार को किया गया। इसके अलावा सोमवार को कुल 681 लोगों की जांच की गई। इस सैंपलिंग में जिले में 228 नए कोरोना पाजीटिव पाए गए हैं। इधर चैकिंग के दौरान अधिकारियों ने एक बारात को रोक लिया और दूल्हे से अनुमति के कागजात मांगे।

कोरोना संक्रमण से मरने वालों में विकल्प चतुर्वेदी (22) निवासी निवाड़ी, सतीश मोहन गुप्ता निवासी तालबेहट, वनमाली राय (88) निवासी मुडियन का कुआं, दिनेश कुमार पुरोहित (59) तथा आशा मिश्रा शामिल है। इसके अलावा कोरोना संक्रमण में सोमवार को 681 सैंपलों की जांच की गई। जिसमें 228 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। अब तक मरने वाले लोगों की संख्या 44 हो गई है। सीएमएचओ डा. आरबी कुरेले ने बताया कि कोरोना के मरीज बड़ी संख्या में आ रहे हैं, जिन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जा रही है। उन्होंने सभी लोगों से कोरोना गाइड लाइन का पालन करने व मास्क लगाने की अपील भी की है।

दूल्हो और बारात को रोककर पुलिस ने की चेकिंग

दतिया में पुलिस एवं प्रशासन के द्वारा चलाए जा रहे चैकिंग अभियान की जद में सोमवार शाम बारात लेकर जा रहे कुछ दूल्हे भी आ गए। 26 अप्रेल को सहालग होने के कारण कई दूल्हे जो बारात लेकर या अपनी दुल्हन को विदा कराकर आ रहे थे, उन्हें राजगढ़ चौराहे पर पुलिस ने रोक लिया। इस दौरान जब एक दूल्हा ग्वालियर से ग्राम इकरा मिनी बस एवं चार पहिया वाहनों से बारात लेकर निकला तो मौके पर मौजूद अतिरिक्त कलेक्टर एके चांदिल, एसडीएम अशोक सिंह चौहान, एडिशनल एसपी कमल मौर्य, तहसीलदार नीतेश भार्गव एवं टीआई कोतवाली धनेंद्र सिंह भदोरिया ने रोक लिया। अधिकारियों ने दूल्हे से अनुमति के कागजात मांगे। कागज चेक करने के बाद बारात ओर दूल्हे को जाने दिया गया। काफी देर तक बारात की मिनी बस खड़ी रही। वहीं एक अन्य दूल्हा ग्वालियर जा रहा था उसको भी गाड़ी से उतारकर चेक किया गया। कागज देखने के बाद उसे जाने दिया गया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!