घर से लापता हुए किशोर को पुलिस मुंबई से लेकर आई, मोबाइल से मिली लोकेशन, परिवार से मिलवाया

Datia News : दतिया। 3 माह पहले अपने घर से लापता हुआ किशोर को लेकर परिवार के लोग परेशान थे। इस मामले में लापता के स्वजन ने पुलिस को सूचित किया था। जिसके बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली। किशोर मोबाइल लेकर गया था। जिसकी लोकेशन ढूंढकर दतिया से गई पुलिस टीम ने उसे मुंबई के बोरीवली से बरामद कर लिया है।

इंदरगढ़ पुलिस ने 3 महीने से लापता किशोर मनीष जाटव निवासी पडरी को साइबर सेल की मदद से मुंबई से बरामद किया है। लापता बालक के मोबाइल की लोकेशन मुंबई आने के बाद पुलिस अधीक्षक अमन सिंह द्वारा टीम बनाकर लापता बालक की दस्तयाबी के लिए पुलिस टीम मुंबई रवाना की गई थी।

टीम द्वारा साइबर सेल की मदद से मुंबई के अलग-अलग क्षेत्रों में लापता की लगातार पांच दिनों पतारसी की गई। पतारसी के दौरान लापता बालक के संपर्क में आए लोगों से उसके बारे में जानकारी करते हुए बालक मनीष जाटव को बोरीवली स्टेशन के पास से दस्तयाब कर लिया गया।

पुलिस ने लापता बालक को इंदरगढ़ लाकर उसके परिवार से मिलाया। उक्त कार्रवाई से खुश होकर लापता बालक के पिता, स्वजन तथा ग्राम वासियों ने पुलिस का सम्मान किया तथा धन्यवाद दिया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक परमानंद शर्मा, सहायक उप निरीक्षक मलखान सिंह, सहायक उप निरीक्षक संजीव गौड़, आरक्षक चंद्रभान सिंह की भूमिका रही।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter