गांजा की तस्करी करने जा रहा युवक पुलिस ने पकड़ा, इधर कुएं में उतराता मिला युवक का शव

Datia News दतिया। अवैध तरीके से गांजा की तस्करी करते एक युवक को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। टीआई धवल सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपित बल्ली उर्फ बलवीर पुत्र चिल्लू परिहार निवासी चउदा का बाड़ा को भांडेर रोड से गांजा सहित गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 3 किलो गांजा जब्त कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपित पूर्व में भी गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। टीआई चौहान ने बताया कि आरोपित गांजा तस्करी करने की फिराक में भांडेर रोड पर खड़ा था तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

घर से लापता युवक का शव कुएं में उतराता मिला : सेवढ़ा थाना क्षेत्र के ग्राम देभई में एक कुएं से ग्रामीण युवक का शव पुलिस ने बरामद किया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद मौजूद लोगों की मदद से युवक का शव कुएं में रस्सी से खाट डालकर निकलवाया गया।

मृतक की शिनाख्त ध्रुव पुत्र देव सिंह राठौर के रुप में हुई है। युवक की मौत के कारणों के बारे में पुलिस छानबीन कर रही है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव से निकली नहर के पास बने कुएं में युवक का शव उतराता मिला तो उन्होंने इस बात की सूचना पुलिस को दी।

घटना को लेकर तमाम चर्चाएं हैं। इधर बताया जाता है कि मृतक पिछले चार दिनों से लापता था। जिसकी तलाश उसके स्वजन कर रहे थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Banner Ad

गैंगरेप के दोनों आरोपित पुलिस ने किए गिरफ्तार : गैंगरेप की घटना के आरोपितों को गोंदन पुलिस ने 48 घंटों के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी सोबरन सिंह तोमर ने बताया कि थाना गोंदन गैंगरेप का मामला पीड़ित महिला द्वारा दर्ज कराया गया था। जिस पर कार्रवाई करते हुए गोंदन पुलिस ने मामले में नामजद आरोपित भगवान सिंह पुत्र अतर सिंह गुर्जर एवं सिरनाम पुत्र रामचरण पाल निवासीगण स्यारी थाना उनाव को मंगलवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

जहां से दोनों आरोपितों को जेल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक उक्त आरोपितों ने ग्रामीण महिला के घर में घुसकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया था। महिला का पति बाहर काम करता है। जिसका फायदा उठाकर आरोपित महिला के घर पहुंच गए थे।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सोबरन सिंह तोमर, एएसआई अनिरुद्ध सिंह परिहार, एएसआई आजाद खान, आरक्षक सतीश शर्मा, संतोष कुमार, सैनिक भगवान सिंह यादव की भूमिका रही ।

 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter