कार में गांजा ले जाते तस्कर पुलिस ने पकड़े : एक लाख से ज्यादा का गांजा बरामद, वाहन भी किया जप्त

Datia news : दतिया। गांजा तस्कर को पकड़ने में चिरुला पुलिस को सफलता मिली है। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अंतर्राज्यीय सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान आने जाने वाले सभी बाहरी वाहनों की पुलिस तलाशी में जुटी है। इसके चलते सोमवार को कुछ वाहनों से नगदी और मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। इस दौरान चिरुला पुलिस ने अवैध गांजा बरामद कर दो तस्कर पकड़े हैं।

जानकारी के अनुसार थाना चिरुला पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान कार में रखे बैग से 12 किलोग्राम गांजा जप्त किया गया। थाना प्रभारी वैभव गुप्ता ने बताया कि झांसी ग्वालियर हाइवे रोड अंतर्राज्यीय बार्डर नाका चिरुला पर मध्यरात्रि में चैकिंग के दौरान झांसी से दतिया की तरफ जा रही हुंडई कार आई-20 क्रमांक एमपी09 सीके 0498 को रोककर पुलिस ने चैक किया।

जिसमें सवार युवक ने पूछतांछ में अपना नाम राघवेंद्र पुत्र रामबक्स यादव निवासी टीकमगढ़ व गाडी चालक ने शनि उर्फ अंकित राय पुत्र नरेश राय निवासी ओरछा निवाडी बताया।

कार में ड्राइवर की बगल वाली सीट पर बैठे राघवेंद्र यादव से एक स्काई ब्लू कलर का ट्राली बेग लेकर जब पुलिस ने उसे चैक किया तो उसमें मादक पदार्थ गांजा 12 किलो बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और घटना मे प्रयुक्त कार आई-20 को जप्त करने की कार्रवाई की।

पकड़े गए गांजा की कीमत एक लाख 20 हजार रुपये एवं जप्त की गई छह लाख की कार सहित कुल सात लाख 20 हजार का मशरुका बरामद किया गया है।

डीपार पुलिस ने पकड़ी नगदी : वहीं थाना डीपार पुलिस द्वारा एसएसटी टीम की संयुक्त चेकिंग के दौरान तीन लाख 51 हजार 100 रुपये जप्त किए गए। पुलिस के मुताबिक इस दौरान इसरार बेग पुत्र यूनूस बेग राधिका मेडिकल एजेंसी ग्वालियर, पंकज राजपूत पुत्र मनोहर राजपूत निवासी रानीपुरा इंदरगढ़ के कब्जे से उक्त नगदी जप्त की गई है।

जप्त किए गए रुपयों के संबंध में संबंधित व्यक्तियों द्वारा कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया। जिसके बाद उक्त राशि को मौके पर जप्त कर विधिवत कार्रवाई की गई।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter