दतिया । बसई पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 चोरी की गई बाइकें बरामद की है। बरामद बाइकों की कीमत 2 लाख से ऊपर बताई गई है। बसई में कुछ माह से लगातार हो रही बाइक चोरी की वारदातों को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्न उठाए जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने सक्रियता बढ़ाई और दो बाइक चोर पकड़ में आ गए।
बसई थाना प्रभारी रामसेवक शर्मा ने बताया कि रविवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर धरपकड़ की कार्रवाई करते हुए बाइक चोर छोटू पुत्र पर्वत लोधी एवं नवल पुत्र शिवनारायण लोधी निवासी कंधारी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ में आए बाइक चोरों से पुलिस ने जब सख्ती से पूछतांछ की तो उनके कब्जे से चोरी की चार बाइक क्रमांक एमपी33 एमआर 0865, सीडी डॉन यूपी93 एवी 4789, हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस क्रमांक यूपी93 एबी 6233, टीवीएस स्पोर्ट लाल रंग क्रमांक यूपी94 एफ 6511 को बरामद की गई।
चारों बाइकों की कीमत पुलिस ने करीब 2 लाख 20 हजार रुपये आंकी है। बरामद बाइकों में अधिकांश पर यूपी का ही नंबर दर्ज है। इस कार्रवाई में सउनि अशोक शर्मा, आरक्षक हरेंद्र सिंह, नीरज शर्मा, संदीप तिवारी, विपिन शर्मा, संजीव यादव, रविंद्र रावत, दीपांशु साहू की भूमिका रही।
बसई में लगातार हो रही थी बाइक चोरी की घटनाएं
बसई क्षेत्र में किसानों की खेतों से बाइक चोरी की घटनाएं पिछले कुछ दिनों में लगातार घटित हो रही थी। जिसके बारे में पीड़ित किसानों की ओर से पुलिस को सूचना भी दी गई थी। बाइक चोर सक्रिय हो जाने के कारण लोगों में भय बढ़ गया था। रात्रि में घर के बाहर खड़े दो पहिया वाहनों के भी चोरी हो जाने की वारदातों के बाद पुलिस लगातार बाइक चोरों की तलाश में थी। जिसे गत दिवस इस मामले में सफलता मिली।

