नगर पालिका सफाई कर्मचारियों से पुलिस की हुई तीखी झड़प, टीआई पर लगाया मारपीट करने का आरोप, सौंपे ज्ञापन

Datia News : दतिया। मंगलवार सुबह पीतांबरा चौराहे पर चलाए जा रहे रोको टोका अभियान के तहत कोतवाली टीआई और नपा कर्मचारी के बीच झड़प हो गई। सफाई कर्मचारी का आरोप है कि इस दौरान टीआई रविंद्र शर्मा ने उसके साथ मारपीट भी कर दी। इस घटना के बाद हंगामा बढ़ गया और चौराहे पर एक सैकड़ा सफाई कर्मचारी जमा हो गए।

पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई। हंगामा होने की जानकारी लगते ही तत्काल मौके पर एसडीओपी दतिया और बडौनी पहुंचे। जहां उन्होंने सफाई कर्मचारियों की बात सुनी और उन्हें जांच का आश्वासन दिया। इस दौरान नपा के स्वच्छता प्रभारी अनुपम पाठक की मौजूदगी में सफाई कर्मचारियों ने एसडीओपी को एक शिकायती आवेदन सौंपा।

इस घटना के बाद दोपहर में मृत मवेशी उठाने जा रहे टिपर वाहन के सफाई कर्मचारियों से एक बार फिर पुलिस से कहासुनी हो गई। जिसके बाद नाराज सफाई कर्मचारियों ने नपा कार्यालय पहुंचकर इस मामले में आक्रोश जताया गया।

कुछ देर के लिए नपा में तालाबंदी जैसे हालात बन गए। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एक ज्ञापन तैयार कर टीआई कोतवाली के विरुद्ध एससीएसटी का मामला दर्ज कर उनके निलंबन की मांग की गई।

साथ ही कार्रवाई न किए जाने की िस्थति में बुधवार से सफाई व्यवस्था, जलप्रदाय व्यवस्था ठप किए जाने का अल्टीमेटम भी दिया गया। यह ज्ञापन बडौनी एसडीओपी दीपक नायक को नपा कर्मचारियों ने सौंपा है।

मंगलवार सुबह 11 बजे नपा कचरा वाहन चालक शनि वाल्मीक वाहन लेकर रिंग रोड से कचरा उठाते हुए ट्रेंचिंग ग्राउंड की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस का रोको टोको अभियान चल रहा था। जहां टीआई ने उसे रोका और वनवे का पालन करने की बात समझाई गई। जिस पर चालक ने कहाकि उसे रिंग रोड से कचरा उठाना है।

इस बात पर टीआई और सफाई कर्मचारी के बीच बहस हो गई। सफाई कर्मचारी शनि बाल्मीक का आरोप है कि टीआई ने उसे थप्पड़ मारे और भगा दिया। सफाई कर्मचारी का कहना है कि वह मास्क लगाकर काेरोना गाइड लाइन का पालन भी कर रहा था। उसके बाद भी पुलिस ने उसके साथ ज्यादती की।

एसपी के नाम सौंपे गए इसी आवेदन में उल्लेख है कि मंगलवार को ही अपरांह 2.30 बजे जब नपा टिपर वाहन लेकर होलीपुरा में मृत मवेशी उठाने जा रहे कर्मचारी आकाश वाल्मीक और पुष्पेंद्र वाल्मीक को रेंज के सामने कटारे की दुकान के सामने टीआई ने रोक लिया और उनसे मारपीट कर अभद्रता की। इसको लेकर शाम को सफाई कर्मचारियों ने उक्त ज्ञापन एसडीओपी बडौनी को देते हुए टीआई शर्मा के विरुद्ध एससीएसटी एक्ट का मामला दर्ज कर निलंबन की मांग की गई।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!