दतिया. पुलिस प्रशासन द्वारा कोरोना की संभावित तीसरी लहर को दृष्टिगत रखते हुए सभी थानों पर “नो मास्क नो मूवमेंट” विशेष अभियान चलाकर आमजन को मास्क लगाए जाने को लेकर जागरुक किया गया।
दतिया में मुख्य बाजार में पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने पुलिस अमले के साथ भ्रमण कर शहरवासियों को मास्क वितरित करते हुए बिना मास्क लगाए घर से बाहर न निकलने की समझाइश दी। इस दौरान एएसपी कमल मौर्य, रक्षित निरीक्षक रविकांत शुक्ला, थाना प्रभारी कोतवाली रविंद्र शर्मा उपस्थित रहे।
वहीं इंदरगढ़ में थाना प्रभारी परमानंद शर्मा के नेतृत्व में बस स्टैंड, शीतला गंज और मेन बाजार में अभियान चलाकर आम जन को मास्क लगाने की हिदायत दी गई। साथ ही बगैर मास्क लगाये घूम रहे लोगों को मास्क वितरित किए।

दुकानदारों को भी कोरोना गाईड लाईन का पूरी तरह से पालन करने की समझाइश दी गई। सेवढ़ा में एसडीओपी उपेंद्र दीक्षित के मार्गदर्शन में टीआई धीरेंद्र मिश्रा ने रोको टोको अभियान के तहत लोगों को जागरुक करते हुए फेस मास्क वितरित किए। एसडीओपी ने बस स्टैंड सेवढ़ा परिसर में यात्रियों से कहाकि कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए सावधानी रखें। हमें अपनी सुरक्षा स्वयं करनी है, जिसके लिए कोताही नहीं बरतनी है।
इधर भांडेर में राजमाता चौराहा के पास भांडेर थाना प्रभारी एसआई अवतार सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रोको-टोको अभियान के तहत कोरोना से बचाव के लिए मास्क पहनकर चलने की सलाह देते हुए लगभग आधा सैकड़ा लोगों को मास्क वितरित किए।

