युवक का संदिग्ध हालत में पुलिस को मिला शव : फांसी लगाकर दी जान, विवाद के बाद हुई घटना की पुलिस छानबीन में जुटी

Datia news : दतिया। सुनसान क्षेत्र में पेड़ से लटके मिले युवक के शव काे भांडेर पुलिस ने बरामद किया है। बताया जाता है कि घटना से एक दिन पूर्व उसका कुछ लोगों से विवाद हुआ था। जिसके बाद वह घर नहीं लौटा और अगले दिन उसका शव पेड़ पर लटका मिला। पुलिस ने घटना को लेकर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं इस मामले में मृतक के घर के आसपास के लोगों से भी पूछतांछ की जा रही है।

आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतरवाया। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजकर छानबीन शुरू की। फिलहाल इस संबंध में मर्ग कायम किया गया है।

जानकारी के अनुसार मृतक राजकुमार प्रजापति पुत्र रामदयाल प्रजापति मोहल्ला वार्ड 8 भांडेर का निवासी बताया जाता है। घर से करीब ढाई किमी दूर दतिया रोड भारत पेट्रोल पंप की बाउंड्री के पीछे सुनसान क्षेत्र में चिरोल के पेड़ से नायलोन की रस्सी से लटका उसका शव बरामद किया गया।

घटना की जानकारी थाना प्रभारी भांडेर शशि कुमार को शुक्रवार को दिन में 11 बजे मिली। जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की। शव की खाना तलाशी ली गई तो उसकी जेब में से 49 सौ रुपये भी मिले। इसके उपरांत शव को कब्जे में लेकर उसे पेड़ से उतरवाकर पीएम हाउस भांडेर पहुंचाया गया। जहां शाम चार बजे के आसपास पीएम उपरांत मृतक राजकुमार का शव उसके स्वजन को सौंप दिया गया।

जिसका देर शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया। जिस नायलोन की रस्सी से मृतक राजकुमार पेड़ से लटका मिला, वह नई बताई जाती है। जिससे शंका जताई जा रही है कि युवक ने आत्महत्या के उद्देश्य से ही इसे खरीदा होगा। इसके अलावा फांसी लगाए जाने के बाद भी उसके पैरों में चप्पलें पाई गईं।

नहर के पास पड़ा मिला अज्ञात शव :  अज्ञात व्यक्ति का शव पुलिस ने भलका के पास नहर से बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 28 से 32 वर्ष के करीब है। जिसका चेहरा गोल नाक चपटी दाहिने हाथ पर दिल के आकार में विजय नाम लिखा है। मृतक नीले रंग की फुल आस्तीन की लिवाइस की बनियान, मटमैले रंग की चड्डी पहने हुए हैं। जो ग्राम भालका के पास राजघाट नहर में मृत अवस्था में मिला है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter