सीसीटीवी कैमरे खंगालकर पुलिस ने ढूंढ़ निकाला लापता आटो : बाहर से आई महिला का वापिस मिला बैग

Datia news : दतिया। मंगलवार को दतिया आई महिला का बैग एक आटाे में छूट गया। जिसमें उसका सामान और रुपये थे। बैग खो जाने पर महिला घबरा गई। घटना झांसी चुंगी के पास की है। काफी खोजबीन के बाद भी आटो न मिलने पर कुछ लोगों की सलाह पर महिला ने बैग गुम हो जाने की रिपोर्ट कोतवाली पुलिस में की।

हाल की घटना होने पर पुलिस ने तत्परता दिखाई और सीसीटीवी कंट्रोल रुम कैमरों में घटना की फुटेज तलाशी गई। जिसके बाद वह आटो नजर आ गया जिसमें महिला का बैग छूटा था।

आटो का नंबर निकालकर उसे पुलिस ने तलाशा और चालक को बैग लेकर आने की हिदायत दी। कुछ देर में ही महिला का खोया बैग उसे मिल गया और उसने चैन की सांस ली।

बस स्टैंड से आटो में आई थी महिला : फरियादिया अनिता अहिरवार पत्नी कुलदीप अहिरवार निवासी टीकमगढ़ का झांसी रोड़ चुंगी पर आटो में बैग छूट गया था। महिला ने इस संबंध में पुलिस में शिकायती आवेदन दिया। जिसमें उल्लेख था बस स्टैंड से झांसी चुंगी के लिए आटो में महिला बैठी थी।

चुंगी पर उतरते समय उसका बैग आटो में ही रह गया। महिला के शिकायती आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी कंट्रोल रुम ने झांसी चुंगी तक लगे सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज चेक किए।

चुंगी पर लगे कैमरों में नजर आए फुटेज : फुटेज में आटो की पहचान के बाद उसका नंबर प्राप्त कर, आटो चालक से संपर्क किया गया। जिसके बाद आटो चालक उक्त फरियादी का बैग लेकर कंट्रोल रूम आया और बैग फरियादिया को सुपुर्द कर दिया गया। उक्त कार्रवाई में थाना कंट्रोल रूम प्रभारी प्रभाकर पाराशर, आरक्षक राघवेंद्र रावत की भूमिका रही।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter