पुलिस को फिर मिली चुनौती : दुकान का ताला चटकाकर किराना सामान व नगदी समेट ले गए चोर, एक सप्ताह में तीसरी घटना

Datia News : दतिया। अज्ञात चोर शनिवार-रविवार की रात बमबम महादेव के पास स्थित किराना दुकान का ताला चटकाकर सामान और नगदी ले उड़े। सुबह जब दुकान मालिक ने ताला टूटा देखा तो उसके होश उड़ गए। दुकान में चोरी होने की सूचना उसने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पीड़ित दुकानदार की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चाेर की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बमबम महादेव के पास िस्थत दीनू कुशवाह की किराना दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर प्रवेश कर गए। जहां उन्होंने दुकान में रखे राजश्री गुटखा के डिब्बे, किराना सामान और करीब 1500 रुपये नगदी सहित कुल 15 हजार का माल समेटा और चलते बने।

खासबात यह है कि बमबम महादेव चौराहे पर दिन और रात में पुलिस का एफआरवी वाहन का प्वांइट भी है। ऐसे चोर पुलिस को चुनौती देकर घटना को कैसे अंजाम देकर निकल गए।

इससे पूर्व भी स्थानीय गोविंद गंज क्षेत्र में भी चोरों ने दो किराना दुकानों को निशान बनाया था। जहां चोर छत की पटिया तोड़कर व दीवाल में सेंध लगाकर सामान और नगदी की चोरी कर ले गए थे।

गौरतलब है कि टाउनहाल के पास भी पुलिस वाहन की ड्यूटी रहती है। जहां चोर सेंधमारी कर आसानी से समान समेटकर ले गए। चोरी की लगातार घटनाआंे से दुकानदारों में दहशत है।

पुलिस से भी नियमित रात्रि गश्त कराए जाने की मांग की जाने लगी है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter