पुलिस अधिकारी के नौकर को पड़ौसी ने मारी गोली : विवाद के बाद घर में घुसकर किया हमला

Datia news : दतिया। घर में घुसकर की गई गोलीबारी की घटना में एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। आपसी विवाद के बाद यह हमला हुआ। गोली की आवाज सुनकर घर के लोग जब तक बाहर आए तब तक आरोपी भाग चुका था। खून से लथपथ युवक को घर के सदस्य अस्पताल लेकर भागे। जहां उसकी हालत नाजुक है।

पुलिस लाइन में रक्षित निरीक्षक के यहां काम करने वाले युवक को उसके पड़ौसी ने ही गोली मार दी। इस घटना में गोली युवक के गाल को चीरते हुए निकल गई। घटना सोमवार देर शाम की है।

जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र के परदेशीपुरा निवासी रवि अहिरवार पुत्र नाथूराम की सोमवार दोपहर उसके पड़ोसी गब्बर वाल्मीक से कहासुनी हो गई थी।

मोहल्ले के लोगों ने दोनों को समझाकर मामला उस समय शांत करा दिया था। लेकिन इस विवाद के बाद ही भिटौरा निवासी युवक सूरज पाल अपने एक साथ को लेकर परदेशीपुरा पहुंचा।

जहां रवि घर में बैठा था, तभी सूरज पाल ने अंदर घुसकर कट्टे से उसे गोली मार दी। गोली रवि के जबड़े को चीरते हुए आर-पार निकल गई। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

बताया जाता है कि घायल रवि पुलिस लाइन में पदस्थ रक्षित निरीक्षक सौरभ तिवारी के यहां निजी कर्मचारी के रूप में काम करता है। एएसपी सुनील कुमार शिवहरे ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंच गई है। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के कारणों को लेकर बयान लिए गए हैं। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मोहल्ले में फैली दहशत : इस घटना के बाद आसपास के लोग दहशत में आ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने वहां मौजूद लोगों ने इस बारे में पूछताछ की। साथ ही कुछ लोगों के बयान भी दर्ज किए।

पुलिस के मुताबिक मामला आपसी विवाद से जुड़ा लगता है। जिसे लेकर छानबीन की जा रही है। जल्दी ही आरोपित गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter