पुलिस जवान अब आसानी से कर सकेंगे ड्यूटी : गृहमंत्री बोले हर कर्मचारी को मिलेगी आवास सुविधा, घर मिलने पर खुशी से खिले चेहरे

Datia news : दतिया। गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्र ने गत दिवस पुलिस लाईन में 22 करोड़ 91 लाख की लागत से नव निर्मित 128 आवासीय गृहों का विधि विधान से पूजन कर उनकी चाबी पुलिस कर्मचारियों को सौंपी। इस लोकार्पण से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एक बड़ी सौगात मिली जिससे उनके चेहरों पर खुशी झलक रही थी। कार्यक्रम में पुलिस जवान अपने परिवार सहित मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गृहमंत्री डा.मिश्रा ने कहाकि हमारे पुलिसकर्मी हमेशा अपनी ड्यूटी पर रहते हुए पूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं, लेकिन उन्हें परिवार की चिंता भी सताती है। आवास की सुविधा मिल जाने के बाद पुलिस जवानों को अब परिवार की चिंता नहीं रहेगी, वह बड़े विश्वास के साथ अपनी जिम्मेदारी से ड्यूटी कर सकेंगे।

गृहमंत्री डा.मिश्रा ने कहाकि इन 128 आवासों में आठ आवास राजपत्रित अधिकारियों के लिए एवं 24 अराजपत्रित अधिकारियों के लिए तथा 96 आवास आरक्षक रेंज के सभी कर्मचारियों के लिए आबंटित किए जाएंगे।

उन्होंने इस मौके पर कई अधिकारियों, कर्मचारियों को आवंटित आवासों की चाबी प्रदाय की। गृहमंत्री ने कहाकि आगामी दिनों में शत प्रतिशत आवास उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

उन्होंने पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा को बच्चों के लिए एक लाईब्रेरी की स्थापना करने का सुझाव भी दिया। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी डा.राजू त्यागी ने किया।

ढाई करोड़ में बनेगा बायपास : कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रशांत ढ़ेंगुला द्वारा ढाई करोड़ से एक नए वायपास की मांग पर गृहमंत्री द्वारा मांग स्वीकार करते हुए घोषणा की गई। साथ ही पीडब्लूडी के अधिकारियों को इसकी नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के आरंभ में पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने स्वागत भाषण में जानकारी देते हुए बताया कि ग्वालियर हाईवे रोड़ पर आगामी दिनों में 168 आवास बनकर तैयार हो जाएंगे जिससे पुलिस विभाग में 85 प्रतिशत कर्मचारियों को आवाास की सुविधा की पूर्ति हो जाएगी।

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि धीरू दांगी, जनपद पंचायत दतिया अध्यक्ष प्रतिनिधि बृजेश यादव, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि योगेश सक्सेना, दीपक सचदेवा, जीतू कमरिया, अतुल भूरे चौधरी, गुड्डी साहू, इकबाल भाई, मुकेश यादव आदि उपस्थित रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!