तस्करी कर ट्रक से ले जाई जा रही सौ से ज्यादा भेड बकरी पुलिस ने पकड़ी, दो तस्कर गिरफ्तार

दतिया । सिविल लाइन थाना पुलिस ने ट्रक में भरकर ले जाई जा रही एक सैकड़ा से अधिक भेड़ बकरियों  को बरामद कर दो पशु तस्कर गिरफ्तार किए हैं। यह भेड और बकरियां इंदरगढ़ और हड़ापहाड़ क्षेत्र से भरकर ट्रक से हैदराबाद ले जाए जा रहे थे। जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने हमीरपुरा तिराहे पर ट्रक को रोककर तलाशी ली तो उसमें से मवेशी बरामद हुए। ट्रक के आगे पीछे निगरानी के लिए चल रहे तीन लोग भागने में सफल हो गए।

जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना टीआई रविंद्र गुर्जर को पशु तस्करी के मामले में सूचना मिली थी । जिस पर पुलिस सक्रिय हुई। सूचना के आधार पर पुलिस चेकिंग शुरु की गई। इसी दौरान हमीरपुर तिराहे पर लार्ड कृष्णा स्कूल के सामने एक ट्रक क्रमांक एमपी33 एच 2330 को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें भारी मात्रा में भेड बकरी भरी हुई थी। जब इस संबंध में ट्रक सवार दो लोगों से पूछतांछ की गई तो उन्होंन उक्त मवेशी स्वयं के होना बताए। जब इस बारे में कागजात मांगे गए तो वह नहीं दिखा सके। जिस पर पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया ।

पकड़े गए पशु तस्करों के नाम अशोक पुत्र रामचरन शाक्य निवासी आजाद नगर लालमाटी शिवपुरी और रोहित पुत्र सीताराम खटीक निवासी इंदरगढ़ बताए गए हैं। जिन्होंने सख्ती से पूछतांछ करने पर स्वीकार किया कि वह भेड बकरियों को हैदराबाद ले जा रहे थे। ट्रक से 142 भेड बकरियां बरामद की गई। जिनमें से एक बकरी मृत अवस्था में मिली है। पुलिस ने बरामद मवेशियों की कीमत 4 लाख रुपये बताई है। पशु तस्करों से उनके वाहन के अागे पीछे निगरानी के चल रहे लोगों के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है।

इस संबंध में आरोपितों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं लोडिंग ट्रक से बरामद 141 भेड बकरियों को हड़ापहाड़ निवासी रामसिंह बघेल और दिनेश बघेल की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। बतादें कि अभी हाल ही में भांडेर क्षेत्र की दुरसड़ा थाना पुलिस ने भी एक ट्रक को सोनागिर के पास पकड़ा था। जिसमें से 32 गौवंशीय पशु बरामद किए गए थे। जबकि चालक फरार हो गया था। गौवंश को बीकर िस्थत गौशाला पहुंचाया गया था।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter