झाबुआ में फसलों की आड़ में गांजे की खेती पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक : दो थाना क्षेत्रों से 607 किलो गांजा जब्त, कीमत ₹60.30 लाख

झाबुआ/भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार और खेती के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत झाबुआ जिले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीमों ने थाना कालीदेवी और पेटलावद क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तुअर व कपास की फसलों की आड़ में उगाई जा रही गांजे की अवैध फसल का पर्दाफाश किया है। दोनों कार्यवाहियों में पुलिस ने कुल 1,752 हरे गांजे के पौधे (कुल वजन 607.09 किलोग्राम) जब्त किए हैं, जिनका अनुमानित बाजार मूल्य 60 लाख 30 हजार 825 रुपये आंका गया है। पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर एक मुख्य आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाणा के निर्देश पर पूरे प्रदेश में ड्रग्स सिंडिकेट और अवैध खेती पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत झाबुआ पुलिस ने यह संयुक्त कार्रवाई की।

थाना पेटलावद: माही नदी किनारे और घर से मिला ₹52.69 लाख का गांजा, आरोपी दबोचा : पेटलावद पुलिस ने सटीक मुखबिर तंत्र की सूचना पर सुनियोजित तरीके से घेराबंदी की:

कपास के बीच और कड़ब में छिपाया था माल: पुलिस टीम ने जब दबिश दी, तो कपास व तुअर की फसल के बीच गांजे के लहलहाते पौधे मिले। इसके अलावा तस्करों ने माही नदी के किनारे स्थित खेत में मक्के की सूखी कड़ब (चारा) के नीचे तथा आरोपी के घर के भीतर भी गांजा छुपा रखा था।

1,512 पौधे बरामद: मौके से कुल 526.94 किलोग्राम वजनी 1,512 गांजे के पौधे जब्त किए गए, जिनका मूल्य लगभग 52 लाख 69 हजार 400 रुपये है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

थाना कालीदेवी: तुअर व कपास के बीच उगे मिले 240 पौधे : जिले के थाना कालीदेवी क्षेत्र में भी पुलिस ने सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई को अंजाम दिया:

खेत में दी अचानक दबिश: पुलिस टीम ने संबंधित संदिग्ध खेत को चारों तरफ से घेरकर सघन सर्चिंग की। यहां भी मुख्य फसलों की आड़ में गांजे की अवैध खेती की जा रही थी।

80.15 किलो गांजा सीज: खेत से 240 गांजे के पौधे उखाड़े गए, जिनका कुल वजन 80.15 किलोग्राम निकला। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 7 लाख 61 हजार 425 रुपये बताई गई है। इस मामले में भी संबंधित खेत मालिक व संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!