दतिया। सेवढ़ा अनुभाग की भगुवापुरा पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम जसवाली में शुक्रवार-शनिवार रात एक घर में घुसकर आठ से दस अज्ञात बदमाशों द्वारा दो सगे भाइयों को बंधक बनाकर की गई मारपीट के मामले में दिनभर चकरघिन्नी बनी रही। घटना को लूट बताए जाने के बाद एसडीओपी उपेंद्र दीक्षित, थाना प्रभारी के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। दतिया से फिंगर एक्सपर्ट, साइबर सेल व डॉग स्कोर्ट टीम को बुलाया गया।
रविवार सुबह एसडीओपी उपेंद्र दीक्षित व थाना प्रभारी भगुवापुरा भानसिंह, एएसआई जितेंद्र सिंह कुशवाह, एमएस शर्मा पुलिस बल के साथ मौका मुआयना करने ग्राम जसावली पहुंचे। जहां फरियादी ज्ञान प्रसाद एवं शीतल प्रसाद से पुलिस ने घटना को लेकर बातचीत की। फरियादी द्वारा अज्ञात बदमाशों द्वारा मारपीट कर लूट की घटना को अंजाम देना बताए जाने पर भगुवापुरा पुलिस ने अन्य धाराओं के साथ लूट का मामला दर्ज कर लिया।
घटना के संबंध में दी गई जानकारी के अनुसार फरियादी ज्ञान प्रसाद की पत्नी का देहांत हो चुका है। उसकी कोई संतान नहीं है। वहीं शीतल प्रसाद भी अविवाहित है। दोनों के पास लगभग 100 बीघा जमीन है। दोनों ही साहूकारी का काम करते। घटना वाले दिन उनके रिश्तेदार गिरजाशंकर पुत्र रामचरण तिवारी निवासी आलमपुर भी उनके घर आए हुए थे।
तभी रात 12 बजे अचानक ज्ञानप्रकाश ने देखा कि 8 से 10 हथियारबंद बदमाश उनके घर के अंदर घुस आए हैं, बदमाश ने उस पर हमला कर दिया और बंदूक के बट मुंह पर मारे और शोर सुनकर जागे रिश्तेदार गिरिजाशंकर मुंह पर एक बदमाश ने कट्टा अड़ा दिया, जिससे वे डर गए। बदमाशों ने तीनों बुजुर्गों को पकड़ा और शीतल प्रसाद को रस्सी से बांध दिया।
बदमाशों ने घर के दो कमरों के ताले तोड़े और कमरों के अंदर रखे गेहूं, सरसों, चावल, दाल से भरी लोहे की टंकी में दबाकर रखी गई नगदी और कुछ जेवर समेटकर ले गए। तीनों बुजुर्गों ने ग्रामीणों को बुलाकर सारी घटना बताई। जिसके बाद घायलों को उपचार के लिए ग्वालियर भेजा गया। घटना के संबंध में पुलिस ने पहले मारपीट का मामला दर्ज किया था। जिसे जांच के बाद रविवार को लूट की घटना में तब्दील कर दिया गया।

