बालाघाट | मध्य प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बालाघाट जिले में मानवता और तत्परता की मिसाल देखने को मिली। थाना किरनापुर क्षेत्र के ग्राम भानपुर में बाढ़ के पानी से चारों ओर घिरे 16 ग्रामीणों को मध्यप्रदेश पुलिस, एसडीआरएफ और हॉक फोर्स की संयुक्त टीम ने सफल रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
समय रहते की गई कार्रवाई से सभी ग्रामीणों की जान बच गई और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
खेतों में काम करने गए थे ग्रामीण, अचानक बढ़ा जलस्तर : लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण ग्राम भानपुर के करीब 16 ग्रामीण कृषि कार्य के लिए खेतों में गए हुए थे। इसी दौरान आसपास की नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और खेतों तक बाढ़ का पानी पहुंच गया। देखते ही देखते सभी ग्रामीण चारों ओर से पानी में घिर गए, जिससे उनके वापस लौटने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया।
पुलिस, एसडीआरएफ और हॉक फोर्स ने संभाला मोर्चा :घटना की सूचना मिलते ही थाना किरनापुर पुलिस ने तत्काल थाना हट्टा पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और हॉक फोर्स की टीम के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल ने समन्वय और सतर्कता के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्र तक पहुंचकर सभी 16 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
समय पर कार्रवाई से टला बड़ा हादसा : रेस्क्यू अभियान के दौरान बचाव दल ने विषम परिस्थितियों में भी धैर्य और साहस का परिचय दिया। समय पर राहत पहुंचने से सभी ग्रामीण सुरक्षित बच गए और किसी भी प्रकार की जनहानि या गंभीर हादसा नहीं हुआ।
बारिश के दौरान सतर्क रहने की अपील : मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि लगातार वर्षा के दौरान नदी-नालों, पुल-पुलियों और जलमग्न मार्गों को पार करने का प्रयास न करें। खेतों या अन्य स्थानों पर जाने से पहले मौसम और जलस्तर की जानकारी अवश्य लें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने लोगों से प्रतिबंधित मार्गों का उपयोग नहीं करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 या निकटतम पुलिस थाने को सूचना देने की भी अपील की है।

