चालक का कारनामा देख पुलिस की खुली रह गई आंखें : आठ सीटर स्कूली वैन में बैठे मिले 20 बच्चे, जब्त कर थाने पहुंचाए वाहन

Datia news : दतिया । आठ सीटर वैन में जब 20 बच्चे बैठे नजर आए तो ट्रेफिक प्रभारी भी चालक का यह कारनामा देखकर चौंक गए। उन्होंने जब वैन से बच्चों को नीचे उतारा और उनकी गिनती की तो माथे पर पसीना आ गया। इसके बाद ट्रेफिक प्रभारी ने चालक की जमकर लताड़ लगाई। उक्त वैन को जब्त कर थाने पहुंचाया गया। साथ ही स्कूली छोटे बच्चों को अन्य साधन से स्कूल भेजा।

स्कूली वाहनों की चैकिंग के लिए सोमवार को सड़क पर उतरी ट्रेफिक पुलिस की आंखे तब खुली रह गई, जब अधिकांश आटो भी बच्चों को पीछे सामान रखने वाली खाली जगह में बैठाकर ले जाते नजर आए। इन सभी आटो को पुलिस ने रोका और जब्ती की कार्रवाई की। वहीं एक स्कूली बस में भी औवरलोडिंग की स्थिति मिली।

बस में निर्धारित मानक के अनुरुप संसाधन नहीं थे। जिसके बाद बस को भी जब्त किया गया। इस दौरान पुलिस ने तीन घंटे में ही 16 वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई की।

तीन दिन पहले ही ट्रेफिक पुलिस ने शहर के सभी स्कूलों में लगे वाहनों के संचालकों को बुलाकर उन्हें निर्धारित संख्या में ही बच्चों को बैठाने और नियमों का पालन करने की हिदायत दी थी। इस दौरान ट्रेफिक प्रभारी, पुलिस दल के साथ स्कूलों में भी पहुंचे थे। जहां उन्होंने वाहन संख्या के साथ उनकी स्थिति का आंकलन भी किया था।

इस दौरान सुधार की समझाइश देकर पुलिस लौट आई थी। सभी वाहन संचालकाें को दो दिन का समय भी दिया गया था। लेकिन ट्रेफिक पुलिस की इस हिदायत को संचालकों ने गंभीरता से नहीं लिया और सोमवार को भी अपने वाहनों में स्कूली बच्चों को हर रोज की तरह ठसाठस भरकर सड़क पर निकल पड़े। जहां चैकिंग लगाए बैठी ट्रेफिक पुलिस ने उन्हें पकड़ा और जब्त कर लिया।

नौ आटो, चार वैन और दो ईरिक्शा जब्त : ट्रेफिक पुलिस ने राजगढ़ चौराहा, झांसी चुंगी एवं प्रमुख मार्गों पर चैकिंग के दौरान बिना परमिट, ड्रेस कोड एवं क्षमता से अधिक स्कूल के बच्चों का परिवहन करते पाए जाने पर कुल 16 वाहनों को जब्त किया। जिसमें नौ आटो, चार मारुति वैन, दो ई-रिक्‍शा एवं एक स्कूल बस को जब्त किया गया। ट्रेफिक प्रभारी यादव ने बताया कि जब्त वाहनों पर अग्रिम कार्रवाही के लिए चालान न्यायालय पेश किया जाएगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!