राजनीतिक हलचल तेज : राजेंद्र भारती मामले में सुनवाई टली, 15 अप्रैल अगली तारीख; इधर डॉ. मिश्रा के निवास पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल !

दतिया/भोपाल। प्रदेश के चर्चित सहकारिता बैंक प्रकरण से जुड़े कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के मामले में फिलहाल कानूनी प्रक्रिया आगे खिसक गई है। दिल्ली हाईकोर्ट में निर्धारित सुनवाई टलने के बाद अब इस मामले की अगली तारीख 15 अप्रैल तय की गई है। अदालत ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी करते हुए अगली सुनवाई पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।

बताया जा रहा है कि पूर्व में निचली अदालत द्वारा इस मामले में सजा सुनाए जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई थी। इसी फैसले को चुनौती देते हुए उच्च न्यायालय का रुख किया गया है। अब सभी की निगाहें 15 अप्रैल की सुनवाई पर टिकी हैं, जहां से आगे की कानूनी और राजनीतिक दिशा तय होने की संभावना है।

सियासी बयानबाजी तेज, आरोप-प्रत्यारोप का दौर : मामले के तूल पकड़ते ही प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक दुर्भावना से जुड़ा मामला बताते हुए सरकार पर निशाना साधा है, वहीं भाजपा का कहना है कि पूरा मामला न्यायालय के अधीन है और कानून अपना काम कर रहा है। दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार तेज होता नजर आ रहा है।

भोपाल में बढ़ी राजनीतिक सक्रियता : इसी बीच राजधानी भोपाल में भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के निवास पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का आगमन हुआ, जहां उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इस मुलाकात को लेकर सियासी गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और इसे आने वाले राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।

उपचुनाव की अटकलें भी तेज : राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यदि दतिया सीट पर उपचुनाव की स्थिति बनती है, तो भाजपा की ओर से एक बार फिर डॉ. नरोत्तम मिश्रा को प्रमुख चेहरे के रूप में आगे लाया जा सकता है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और शीर्ष नेतृत्व का झुकाव भी उनके पक्ष में माना जा रहा है।

फिलहाल, पूरे घटनाक्रम में कानूनी और राजनीतिक दोनों मोर्चों पर गतिविधियां तेज हैं। 15 अप्रैल की सुनवाई को इस मामले में निर्णायक मोड़ के रूप में देखा जा रहा है, जिससे प्रदेश की सियासत पर भी सीधा प्रभाव पड़ सकता है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter