पणजी : तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि वह 28 अक्टूबर को पहली बार गोवा का दौरा करेंगी और उन्होंने राजनीतिक दलों तथा व्यक्तियों से राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए उनकी पार्टी में शामिल होने की अपील की।टीएमसी ने गोवा में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव लड़ने के अपने फैसले की पहले ही घोषणा की हुई है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘मैं 28 अक्टूबर को गोवा का पहला दौरा करने के लिए तैयार हूं, तो मैं सभी लोगों, संगठनों और राजनीतिक दलों से भाजपा और उनके विभाजनकारी एजेंडे को हराने के लिए पार्टी में शामिल होने की अपील करती हूं। गोवा के लोगों ने पिछले 10 वर्षों में काफी कुछ झेला है।’’उन्होंने कहा, ‘‘एक साथ मिलकर हम नयी सरकार बनाकर गोवा के लिए एक नयी सुबह की शुरुआत करेंगे जो सच्चे मायने में गोवा के लोगों की सरकार होगी और उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध होगी।’’
इससे पहले पार्टी ने घोषणा की थी कि बनर्जी इस महीने के अंत तक राज्य का दौरा करेंगी। टीएमसी ने शुक्रवार को गोवा के पूर्व मुख्यमंत्रत्री लुईजिन्हो फलेरो को अपना उपाध्यक्ष नियुक्त किया। वह एक महीने से भी कम समय पहले ही टीएमसी में शामिल हुए हैं।पिछले कुछ दिनों में गोवा से कांग्रेस के कई नेता टीएमसी में शामिल हुए हैं जबकि निर्दलीय विधायक प्रसाद गांवकर ने भी पार्टी को अपना समर्थन दिया है।
As I prepare for my maiden visit to Goa on 28th, I call upon all individuals, organisations and political parties to join forces to defeat the BJP and their divisive agenda. The people of Goa have suffered enough over the last 10 years. (1/2)
— Mamata Banerjee (@MamataOfficial) October 23, 2021
गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री लुइजिनो फलेरियो 29 सितंबर को कोलकाता में अपने समर्थकों के साथ तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे. मौके पर फलेरियो ने ‘विभाजनकारी और फासीवादी ताकतों’ के खिलाफ गोवा के लोगों के लिए लड़ने की बात कही थी. इसके अलावा, उन्होंने इस साल की शुरुआत में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में बीजेपी को हराने के लिए पश्चिम बंगाल की सीएम और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी की सराहना भी की थी.
ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने पोंडा से शिवसेना के प्रखंड अध्यक्ष विनोद बोरकर का भी पार्टी में स्वागत किया है. पणजी में पार्टी के कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में बोरकर के साथ कई अन्य लोग टीएमसी में शामिल हुए थे.
जानें क्या है गोवा का राजनीतिक समीकरण
गोवा में 2017 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने 40 सदस्यीय सदन में सबसे अधिक 17 सीटें जीतीं थी. इस चुनाव में बीजेपी को 13 सीटें मिली थी. हालांकि, कांग्रेस को पछाड़ते हुए बीजेपी ने क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन कर वरिष्ठ नेता मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व में सरकार बनाई थी. इस बार, आम आदमी पार्टी के साथ शिवसेना, TMC भी चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी है. ऐसे में टीएमसी भी अब गोवा में अपने विस्तार पर जुट गई है.


