पंजाब में चरम पर सियासत: दिल्ली के बाद अब केजरीवाल पंजाब के लोगों को गुमराह करने निकले – कांग्रेस

नई दिल्ली : दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने केजरीवाल के पंजाब दौरे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि केजरीवाल पंजाब के लोगों के बीच जाकर स्वयं को एक मौका देने की बात कह रहे हैं, जबकि दिल्ली की जनता ने तीन-तीन बार सत्ता सौंपी।

बावजूद इसके दिल्ली की जनता भुगत रही है। पिछले सात वर्ष के शासनकाल में दिल्ली में विकास के नाम पर एक भी योजना का केजरीवाल सरकार प्रारूप तैयार नहीं कर पाई।

जितने भी विकास कार्य हो रहे हैं, वे कांग्रेस के समय में शुरू हुए थे और अब उन्हीं का क्रेडिट लेने का काम केजरीवाल सरकार कर रही है।

चौधरी ने कहा कि पंजाब की जनता केजरीवाल के चेहरे को पहचानती है, इसलिए पिछले विधानसभा चुनाव में उन्हें नकार चुकी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आप पंजाब में बिजली के बिलों को लेकर लोगों को गुमराह करने का काम कर रही है।

इससे पहले प्रदेश कार्यालय में दिल्ली कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) के नव नियुक्त सचिव व दिल्ली सह-प्रभारी इमरान मसूद का स्वागत किया।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक दत्त, मुदित अग्रवाल, जयकिशन, उत्तरी दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल के नेता मुकेश गोयल, जिलाध्यक्ष मो.उस्मान, हरी किशन जिंदल, इत्यादि मुख्य रूप से मौजूद थे।

इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनिल चौधरी ने कहा पिछले वर्ष कोविड महामारी के शुरुआती दौर में जब लोग संकट से जूझ रहे थे, तब से ही दिल्ली की केजरीवाल सरकार कोई गंभीरता नहीं दिखा रही है। आक्सीजन को लेकर हाल ही में आई आडिट रिपोर्ट इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter