मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की पहल : 7 सितंबर तक प्रदेश के 50 पर्यटन स्थलों पर होंगी विभिन्न गतिविधियाँ

भोपाल  : प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर आने वाली महिला पर्यटकों में सुरक्षा और सहजता का भाव उत्पन्न करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा महिलाओं के लिये सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना का संचालन किया जा रहा है। रक्षाबंधन के अवसर पर 30 अगस्त से 7 सितंबर 2023 तक ‘मुझे मेरा संकल्प याद है’ अभियान चलाया जाएगा।

प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति  शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि प्रदेश के 20 संकुल अंतर्गत 50 पर्यटन स्थलों पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे और संकल्प सुरक्षित पर्यटन विषय पर केंद्रित शुभंकर डिजाइन और लघु फिल्म निर्माण प्रतियोगिता भी आयोजित की जायेगी। इच्छुक प्रतिभागी टूरिज्म के सोशल मीडिया हैंडल्स और वेबसाइट के इवेंट पेज पर प्रतियोगिता में भाग ले सकते है। विजेताओं को विश्व पर्यटन दिवस 27 सितंबर को पुरस्कृत किया जाएगा।

प्रमुख सचिव  शुक्ला ने बताया कि अभियान में सखी रेडियो धारावाहिक, रक्षा सूत्र बंधन आयोजन, पर्यटक रक्षा संकल्प व कजरिया/भुजरिया उत्सव व सावन के झूले जैसी गतिविधियाँ भी होंगी। जिला स्तर पर डीएटीसीसी, परियोजना सहयोग संस्थाओं और राज्य पर्यटन विकास निगम के संस्थानो में गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।

30 अगस्त से शुरू हो रहे संकल्प सुरक्षित पर्यटन अभियान की गतिविधि के रेडियो धारावाहिक पर्यटन सखी का प्रसारण किया जाएगा। 30 अगस्त से 8 सितंबर तक प्रतिदिन प्रात: 10:05 बजे और शाम 6:30 बजे आकाशवाणी से इसका प्रसारण भी होगा। पर्यटन सखी कार्यक्रम के लिए भी जिलेवार कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। दूरदर्शन द्वारा परियोजना पर अभियान के दौरान विभिन्न स्थलों पर गतिविधियों की शूटिंग की जाएगी। और इससे निर्मित पर्यटन सखी डॉक्यूमेंट्री का प्रसारण 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर किया जाएगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter