साकेत अदालत परिसर में मृत पड़ा मिला लिफ्ट ऑपरेटर, पुलिस ने कहा नशे का आदी था मृतक, हाल में ही काम पर लौटा था

नईदिल्ली : राजधानी के साकेत अदालत परिसर में गत दिवस एक लिफ्ट ऑपरेटर मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने बताया कि परिसर की एक इमारत की सातवीं मंजिल पर सुबह शव मिला। उन्होंने बताया कि साकेत थाने को सुबह नौ बजकर 41 मिनट पर अदालत परिसर में शव मिलने की जानकारी प्राप्त हुई। आकाश नाम के एक सफाई कर्मचारी ने शव को सबसे पहले इमारत की एक सीढ़ी के पास देखा।

पुलिस ने कहा कि मृतक की पहचान योगेश कुमार (31) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले का निवासी था और दक्षिणी दिल्ली के दक्षिणपुरी इलाके में रहता था। पुलिस के अनुसार योगेश पिछले चार साल से हौज खास के कालू सराय में स्वस्तिक इलेक्ट्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड का कर्मचारी था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि अदालत परिसर की इमारतों के रखरखाव के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इस कंपनी को नियुक्त किया है। जांच के दौरान पता चला कि योगेश नियमित रूप से शराब और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करता था तथा पिछले 3-4 दिनों से काम पर नहीं आया था।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) बनिता मैरी जैकर ने कहाकि वह कभी भी अपने समय पर नहीं आता था, इसलिए उसे लिफ्ट ऑपरेटर के काम से हटा कर सफाई जैसा अन्य काम सौंप दिया गया था। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ‘एम्स’ भेजा गया है और मृतक की मां को घटना की जानकारी दी गयी है।

उन्होंने बताया कि दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एक हफ्ते में यह दूसरी घटना है जिसमें अदालत परिसर में कोई व्यक्ति मृत मिला है। इससे पहले गुरुवार को दिल्ली बार एसोसिएशन का 30 वर्षीय एक कर्मचारी तीस हजारी अदालत परिसर में मृत मिला था। मृतक की पहचान मनोज के रूप में हुई जो दिल्ली बार एसोसिएशन का अस्थाई कर्मचारी था।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!