कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर तैयारियां शुरू : फिर शुरू होगा रोको-टोको अभियान, बस यात्रियों की होगी सैंपलिंग

Datia News : दतिया । कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर जिले में भी सतर्कता बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। इसे लेकर बुधवार को कलेक्टर संजय कुमार ने कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए न्यू कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में जिला स्तरीय क्राइसिस ग्रुप की बैठक ली।

बैठक में सर्व सम्मति से तय किया गया कि जिले में कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए पूर्व की भांति रोको-टोको अभियान संचालित कर लोगों को मास्क लगाने, हाथों को सेनेटाईज करने, सोशल डिस्टेंस का पालन करने के साथ लोगों को भीड़-भाड़ वाले इलाकों में न जाने की सलाह दी जाए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड, अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर, मेडीकल कॉलेज के डीन डॉ. राजेश गौर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आरबी कुरेले, डॉ.रामजी खरे, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ.राजू त्यागी,

विजय सचदेवा, रंजना भटनागर, गोविंद ज्ञानानी, पुनीत टिलवानी, राकेश भार्गव, सुनील कुमार कुकरेजा, सिस्टर हेलेन मैथेस आदि उपिस्थत रहे।

बस यात्रियों की होगी सैंपलिंग

कलेक्टर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहाकि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वीडियो कांफ्रेस के जरिए दिए गए निर्देशों के अनुरूप जिले में हमें सभी के सहयोग से कोरोना की तीसरी लहर को रोकना है।

इसके लिए हमें लोगों को सावधानी एवं सतर्कता बरतने के लिए प्रेरित करना होेगा। उन्होंने कहाकि जिले के भीड़-भाड़ वाले इलाकों, लंबी दूरी से बसों से आने वाले यात्रियों के सैंपलिंग की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने कहाकि लोगों को जागरुक करने के लिए समाज के धर्म गुरूओं, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाएगा।

फिर चलेगा रोको टोको अभियान

कलेक्टर ने कहा कि पूर्व की तरह अब फिर से कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए रोको-टोको अभियान के माध्यम से मास्क लगाने, हाथों को सेनेटाईज करने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए अभियान पुनः शुरू किया जाएगा।

उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं मेडीकल कॉलेज के डीन को निर्देश दिए कि उनके यहां स्थित मेडीकल ऑक्सीजन प्लांट सुचारू रूप से संचालित रहे साथ ही दवाओं, बैड, वेंटीलेटर, ऑक्सीजन कंसीलेटर के साथ ही रेमडेसीवर इंजेक्शन की समुचित व्यवस्था रखी जाए।

साथ ही ऑक्सीजन प्लांट की मॉकड्रिल की जाए। चैक की जाएं कि ऑक्सीजन सप्लाई करने वाली पाईप लाईन लीकेज न हो। कलेक्टर ने कहा आरटीपीसीआर से सैम्पलिंग बढ़ाई जावे।

कलेक्टर ने बैठक में बताया कि कोविड-19 संक्रमण से मृत्यु होने पर मृतक के वारिसाना को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने के शासन के निर्देशों के तहत जिले में 13 प्रकरणों में आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter