दतिया | स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर दतिया में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। गुरुवार को पुलिस लाइन ग्राउंड में 15 अगस्त को होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह की अंतिम रिहर्सल आयोजित की गई। इस दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार परेड, मार्चपास्ट, परेड निरीक्षण सहित विभिन्न कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास किया गया। अधिकारियों ने समारोह स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
परेड और मार्चपास्ट का हुआ अभ्यास : अंतिम रिहर्सल के दौरान विभिन्न टुकड़ियों ने परेड और मार्चपास्ट का अभ्यास किया। अपर कलेक्टर भूपेन्द्र सिंह कुशवाहा ने मुख्य अतिथि की भूमिका में परेड का निरीक्षण किया और विभिन्न टुकड़ियों के लीडर्स से परिचय प्राप्त किया। एडीशनल एसपी मंजीत सिंह चावला सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
रिहर्सल में परेड सलामी के साथ मुख्यमंत्री के संदेश एवं बधाई संदेश के वाचन का भी पूर्वाभ्यास किया गया। इसके बाद हर्ष फायर के तीन चरणों का अभ्यास हुआ।
विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश : अंतिम रिहर्सल के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों के साथ प्राकृतिक जीवनशैली और “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की थीम पर आधारित प्रस्तुतियां पेश कीं।
इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देशभक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों का संदेश दिया।
15 अगस्त को सुबह 9 बजे होगा मुख्य समारोह : स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह 15 अगस्त को सुबह 9 बजे पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। वे ध्वजारोहण करने के साथ परेड की सलामी लेंगे।
समारोह में ध्वजारोहण के बाद परेड निरीक्षण, मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन/प्रसारण, मार्चपास्ट सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों और शहीदों के परिजनों का होगा सम्मान : समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों और कारगिल शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा देहदान एवं अंगदान करने वाले लोगों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी सम्मान दिया जाएगा। मुख्य अतिथि बच्चों के साथ मध्याह्न भोजन में शामिल होने के साथ पौधरोपण भी करेंगे।
समारोह स्थल पर व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा : अंतिम रिहर्सल के दौरान अधिकारियों ने समारोह स्थल की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। बैठक व्यवस्था, टेंट, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा, बिजली और एलईडी स्क्रीन सहित अन्य तैयारियों की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमापूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। अंतिम रिहर्सल के साथ मुख्य समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
15 अगस्त को दतिया में रहेगा पूर्णतः शुष्क दिवस : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को दतिया जिले में पूर्णतः शुष्क दिवस रहेगा। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी स्वप्निल वानखड़े द्वारा मध्यप्रदेश राजपत्र में शासन द्वारा अधिसूचित प्रावधानों के अनुसार यह आदेश जारी किया गया है।
घोषित शुष्क अवधि के दौरान जिले की सभी कम्पोजिट मदिरा दुकानों से शराब की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। इसके साथ ही देशी मदिरा भंडारगृह से मदिरा का प्रदाय और परिवहन भी निषिद्ध रहेगा।

