पीतांबरा पीठ को प्रदेश का प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल बनाने की तैयारी : प्रसाद योजना के तहत 44 करोड़ की राशि से जल्दी शुरु होंगे कई विकास कार्य

Datia news :दतिया। पीतांबरा नगरी दतिया में जल्दी ही आस्था और आधुनिकता का समन्वय देखने को मिलेगा। सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन की दृष्टि से यह क्षेत्र नई ऊंचाइयां छू सके, इसे लेकर केंद्र सरकार की प्रसाद योजना के तहत यहां विकास के लिए 44.24 करोड़ की राशि स्वीकृत कर दी गई।

इस राशि से धार्मिक स्थल को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और पर्यटकों के लिए सुविधाजनक बनाया जाएगा। ताकि दतिया माई के दरबार में आने वाले तीर्थयात्रियों को एक बेहतर अनुभव मिल सके।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी प्रसाद योजना के तहत दतिया के लिए स्वीकृत की गई राशि से इस नगर को सुविधा संपन्न बनाकर प्रदेश का प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल बनाने की बात कही है।

पीतांबरा पीठ पर हर शनिवार को हजारों की संख्या में देश विदेश के श्रद्धालुओं का आना होता है। वहीं नवरात्र के दौरान पीठ पर पूरे नौ दिन आस्था का सैलाब देखने को मिलता है।

ऐसे में पीतांबरा पीठ के आसपास के क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस दिशा में केंद्र की प्रसाद योजना काफी मददगार साबित होगी।

Banner Ad

जिससे पीतांबरा पीठ में पर्यटन सेवाओं के विस्तार से पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि होगी। उक्त राशि के स्वीकृत होने के बाद आने वाले कुछ माह में ही धरातल पर काम शुरु होने की मप्र टूरिज्म बोर्ड ने संभावना व्यक्त की है।

स्वीकृत राशि से ये काम होंगे :

– ब्रीदिंग स्पेसेज यानि खुले स्थान को विकसित किया जाएगा। इसके तहत हाइवे से मंदिर की ओर लगभग दो किमी के मार्ग पर पैदल आने वाले दर्शनार्थियों के खुले स्थानों का विकास किया जाएगा। इन क्षेत्रों में हरियाली, बेंच, पेड़-पौधे और विश्राम करने के लिए स्थान होंगे। इससे पर्यटकों को ताजगी का अनुभव होगा। इस पर 41.57 लाख की राशि खर्च होगी।

– इंटरप्रिटेशन सेंटर भी बनेगा। इसके लिए मंदिर प्रबंधन ने उत्तर गेट के समीप लगभग एक हजा वर्ग मीटर की भूमि उपलब्ध कराई है। उत्तर द्वार से मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक इंटरप्रिटेशन सेंटर (व्याख्या केंद्र) यहां बनाया जाएगा। इसमें मंदिर के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी जाएगी। प्रथम तल पर मंदिर ट्रस्ट का कार्यालय एवं भीड़ नियंत्रण कक्ष भी बनेगा।

– स्मार्ट डिस्प्ले और संकेतक शहर में प्रमुख स्थानों, पर्यटन स्थलों, मंदिरों और सार्वजनिक सुविधाओं के बारे में जानकारी देने के लिए लगाए जाएंगे। डिजिटल और इंटरेएक्टिव बोर्ड की मदद से यात्री और नागरिक आसानी से दिशाओं, सूचनाओं और आवश्यक सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

– मल्टी लेवल कार पार्किंग 25.38 करोड़ की लागत से बनाई जाएगी। मंदिर के समीप बहु-स्तरीय कार पार्किंग का निर्माण होने से वाहनों की पार्किंग की समस्या कम होगी। पार्किंग के भूतल पर दुकानों की व्यवस्था होगी। भविष्य में मल्टीलेवल पार्किंग को सीधे मंदिर पाथ-वे से जोड़ा जाएगा।

– रोटरी डिजाइन 48.84 लाख की राशि खर्च कर तैयार किया जाएगा। जिससे ग्वालियर एवं झांसी से आने वाले वाहनों का यातायात सुगम होगा। इसके लिए बम-बम महादेव एवं चौराहे पर रोटरी की डिजाइन बनाई जाएगी।

– – फुटपाथों का पुनर्विकास किया जाएगा। इसमें ओपन फुटपाथ पर 47.27 लाख व कवर फुटपाथ पर दो करोड़ 88 लाख की राशि खर्च की जाएगी। फुटपाथ पर प्रकाश व्यवस्था, छाया के लिए शेड, पौधरोपण और बैठने की सुविधाएं जोड़ी जाएंगी।

– बुनियादी सुविधाओं पर भी बड़ी राशि खर्च होगी। जिसमें स्वच्छ पेयजल के लिए 13.50 लाख एवं आधुनिक शौचालय के लिए 74.81 लाख की राशि खर्च की जाएगी। इसके साथ ही कचरा प्रबंधन और अन्य सार्वजनिक सेवाओं को उन्नत किया जाएगा। इससे शहर अधिक सुविधाजनक बनेगा।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter