अब शहर के सील किए जाएंगे मोहल्ले, खजांची मोहल्ले से हुई शुरुआत, हनुमान गढ़ी और होलीपुरा को सील करने की तैयारी

दतिया । शुक्रवार को जिला प्रशासन ने खजांची मोहल्ले से सर्वाधिक संक्रमित मरीज निकलने पर पूरे मोहल्ले को सील कर दिया। वहां पर निवासरत परिवारों व मरीजों का बाहर आना जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। बताया जाता है कि दो दिन पूर्व खजांची मोहल्ले में 20 से अधिक लोग कोरोना पॉजिटिव निकले थे। जिसके बाद सील करने की कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के चलते दो दिन पूर्व सैंपलिंग के दौरान बड़ी संख्या में खजांची मोहल्ले से संक्रमित मरीज पाए गए थे। यहां पर संक्रमण की दर भी सर्वाधिक है। यहां संक्रमित लोगों की संख्या लगभग 20 से अधिक है। इससे पूर्व भी यहां पर 6 संक्रमित मरीज पाए गए थे। बताया जाता है कि इस एरिया में कई मरीज बाजार में घूमते हुए भी मिले थे। इसके चलते जिला प्रशासन ने पूरे खजांची मोहल्ले को सील कर दिया है।

इस मोहल्ले के दोनों रास्तों पर बैरिकेडिंग कर पुलिस सहित कलेक्टर कार्यालय के कर्मचारियों व शिक्षकों को ड्यूटी पर लगाया गया है। यह सभी कर्मचारी ध्यान रखेंगे कि खंजाची मोहल्ले का कोई भी कोरोना संक्रमित या उनके परिवार वाले बाहर तो नहीं निकल रहे हैं। ऐसी स्थिति में उनके ऊपर पुलिस केस भी दर्ज किया जा सकता है। इसके अलावा क्षेत्र के कई मोहल्ले से जहां पर लगातार कोरोना संकमितों की संख्या बढ़ती जा रही है, वे भी सील किए जाएंगे।

हनुमानगढ़ी क्षेत्र और होलीपुरा क्षेत्र को भी सील करने की तैयारी की जा रही है। बता दें कि हनुमानगढ़ी क्षेत्र में 11 से अधिक कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए है। इसी तरह होलीपुरा स्कूल नंबर 1 के आसपास भी लगभग 9 संक्रमित मरीज पाए गए हैं। इन क्षेत्र को भी सील किए जाने पर विचार किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार जिले में अब तक कुल 16 सौ से अधिक संक्रमित मरीज हो गए हैं और 48 लोगों की अभी तक मौत हो चुकी है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!