भारत-मालदीव विकास सहयोग होगा और तेज : मालदीव के राष्ट्रपति ने द्रौपदी मुर्मू से की भेंट , आर्थिक संबंध को मजबूत बनाने की हुए चर्चा !

नई दिल्ली  : मालदीव गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम  इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने आज (02 अगस्त, 2022) राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति  द्रौपदी मुर्मू से भेंट की। राष्ट्रपति सोलिह का राष्ट्रपति भवन में स्वागत करते हुए राष्ट्रपति  द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि वह भारत के एक ऐसी करीबी मित्र और एक प्रतिष्ठित राजनेता की अगवानी करके अत्‍यंत प्रसन्‍न हैं जिनके नेतृत्व में मालदीव एक स्थिर और समृद्ध राष्ट्र के रूप में उभरा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि मालदीव हिंद महासागर क्षेत्र में भारत का एक प्रमुख साझेदार और घनिष्ठ मित्र है। सदियों से दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत सांस्कृतिक, आर्थिक और व्यापारिक संबंध रहे हैं। भारत की ‘पड़ोस प्रथम’ नीति में मालदीव का विशेष स्थान है। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि भारत की आवश्यकता-आधारित वित्तीय और विकास सहायता से मालदीव सरकार की विकास प्राथमिकताओं को पूरा करने में आवश्‍यक सहयोग मिल रहा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत-मालदीव विकास सहयोग का तेजी से विस्तार, रक्षा एवं सुरक्षा पहल, आर्थिक संबंध और पारस्‍परिक जन संपर्क मालदीव की सरकार और वहां की आम जनता के साथ भारत के संबंधों के लिए शुभ संकेत है।

उन्होंने कोविड-19 के प्रकोप के दौरान मालदीव की सरकार और लोगों के साहस एवं दृढ़ता की सराहना की। उन्हें यह जानकर प्रसन्‍नता हुई कि महामारी के दौरान मजबूत भारत-मालदीव सहयोग की पूरे क्षेत्र के लिए एक मॉडल के रूप में सराहना की गई है।  

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि भारत-मालदीव साझेदारी में क्षमता निर्माण एक प्रमुख स्तंभ के रूप में उभर कर सामने आया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस यात्रा के दौरान हस्ताक्षरित सहमति पत्रों (एमओयू) से मालदीव में क्षमता निर्माण की विभिन्‍न पहल और भी ज्‍यादा मजबूत होंगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter