PM मोदी को मिले स्मृति चिन्हों की ई-नीलामी, ओलंपिक खिलाड़ियों के उपकरणों को मिली सबसे ज्यादा बोली

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री को मिले स्मृति चिन्हों की ई-नीलामी समाप्त होने में महज एक दिन शेष है। ऐतिहासिक वस्तुओं और धार्मिक कलाकृतियों में बोली लगाने वालों ने अधिक रुचि ली है। ओलिंपिक खिलाड़ियों के खेल उपकरणों की सबसे अधिक बोली लगी है। सत्रह सितंबर को शुरू हुई नीलामी के बाद से ही सभी की निगाहें ओलिंपियन और पैरालिंपियन खिलाड़ियों के खेल उपकरणों पर थीं।

पहले दिन स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा के भाले की सबसे अधिक 10 करोड़ रुपये की बोली लगी। बाद में इसे नकली बोली होने की आशंका पर रद कर दिया गया। प्रधानमंत्री के स्मृति चिन्हों से संबंधित साइट के अनुसार, एक हफ्ते बाद पैरालिंपिक स्वर्ण पदक विजेता द्वारा इस्तेमाल किया गया भाला 1,00,50,000 रुपये की बोली के साथ शीर्ष पर बना हुआ है।

हालांकि, अब तक इसे केवल दो बोलियां मिली हैं। इसकी तुलना में, एक धातु की गदा जिसका आधार मूल्य 2,500 रुपये था, उसे 54 बोलियां मिली हैं, जिसमें उच्चतम बोली पांच लाख रुपये है। पैरालिंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल द्वारा इस्तेमाल किए गए भाले के लिए 1,00,05,000 रुपये की बोली प्राप्त हुई, जिसका आधार मूल्य एक करोड़ रुपये रखा गया था।

अयोध्या में राम मंदिर के लकड़ी के माडल के लिये 24 बोलियां आईं। इसका आधार मूल्य 2,50,000 रुपये है। टोक्यो 2020 पैरालिंपिक खेलों के स्वर्ण पदक विजेता कृष्णा नागर के हस्ताक्षर वाले एक बैडमिंटन रैकेट को सबसे अधिक 80.15 लाख रुपये की बोली मिली। दूसरी तरफ भगवान राम, हनुमान, लक्ष्मण और देवी सीता को दर्शाने वाली एक छोटी धातु की मूर्ति, जिसे भगवान राम परिवार कहा जाता है, को 44 बोलियां मिलीं। जिसमें उच्चतम बोली 1.35 लाख रुपये है। इसका आधार मूल्य केवल 10,000 रुपये था।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!