प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक पटल पर बढ़ाया भारत का मान: डॉ. नरोत्तम मिश्रा , ‘सेवा पखवाड़ा’ को लेकर कार्यकर्ताओं में भरा जोश

दतिया। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा शनिवार को दतिया पहुंचे। उन्होंने मां पीतांबरा पीठ में पूजा-अर्चना कर दर्शन किए। इसके बाद बड़ौनी स्थित गुप्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मिलन और स्नेह-भोज कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और देश की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का उल्लेख किया। डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक जीवन का प्रत्येक चरण उनके नेतृत्व कौशल को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री बनने से पहले ही कार्यकर्ताओं ने उनकी नेतृत्व क्षमता को पहचाना था।  इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में देश की जिम्मेदारी संभाली और आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की मजबूत उपस्थिति दिखाई दे रही है।

सेवा पखवाड़े में अधिक से अधिक सहभागिता की अपील : डॉ. मिश्रा ने 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा पखवाड़ा’ के कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि दतिया के किला चौक पर शाम को दीप प्रज्ज्वलन के साथ मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत होगी।

आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए राजू त्यागी, पंकज गुप्ता और पुनीत तिलवानी सहित अन्य कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी गई हैं। चिकित्सा व्यवस्था के लिए पप्पू दलाल सहित पांच लोगों की टीम जिम्मेदारी संभालेगी।

गुप्तेश्वर मंदिर के कार्य जल्द पूरे होने का भरोसा : कार्यक्रम के दौरान गुप्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों का विषय भी सामने आया। प्रकाश व्यवस्था का काम अधूरा होने की बात पर डॉ. मिश्रा ने कहा कि यह भगवान का कार्य है और कोई भी काम अधूरा नहीं रहेगा। उन्होंने सभी लंबित कार्य पूरे होने का भरोसा दिलाया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter