दतिया : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार को अचानक मां पीतांबरा के दर्शन करने दतिया पहुंचीं। करीब 1.45 बजे इनका काफिला मंदिर के सामने रुका। इसके बाद उन्हें 15 मिनट तक मां के दर्शन के लिए इंतजार करना पड़ा। प्रियंका को 15 मिनट इसलिए इंतजार करना पड़ा, क्योंकि दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक मां का विश्राम का समय रहता है। इसके बाद 2 बजे के बाद प्रियंका गांधी को साधारण व्यक्ति की तरह ही पूजा-अर्चना करनी पड़ी।
मंदिर में 15 मिनट बैठकर की माता की आराधना
पीताम्बरा माता के सेवक मोनू तिवारी ने बताया कि 12 बजे से 2 बजे तक माता का विश्राम समय रहता है और प्रियंका गांधी का मंदिर में आने का समय 2 बजे का था। प्रियंका गांधी मंदिर में 2 बजे के पहले ही आ चुकी थीं, जिससे 15 मिनट माता के दर्शन के लिए उन्हें इंतजार करना पड़ा। इस 15 मिनट में उन्होंने गर्भ ग्रह के बाहर बैठकर माता की आराधना की। प्रियंका गांधी ने साधारण व्यक्ति की तरह ही माता के दर्शन किए।

इस दौरान एसपीजी और स्थानीय पुलिस की व्यापक सुरक्षा व्यवस्था रही। वे झांसी से सड़क मार्ग से दतिया पहुंची थी। इस दौरान मंदिर के पट बंद रहने पर मंदिर प्रांगण के बाहर उन्हें कुछ देर इंतजार भी करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने सेवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारियों से भी मुलाकात मंदिर प्रांगण में ही की। पीतांबरा पीठ में पूजा अर्चना पुजारी चंदा गुरू द्वारा कराई गई। इस दौरान मंदिर के अंदर व बाहर मीडिया की भारी भीड़ थी। किंतु प्रियंका गांधी वाड्रा ने किसी से कोई बात नहीं की। दर्शन् के बाद वह दतिया हवाई पट्टी से विशेष विमान द्वारा लखनऊ के लिए रवाना हो गई।

