पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी और सिद्धू एक साथ पहुंचे केदारनाथ, मंदिर में दोनों नेताओं ने की पूजा अर्चना

चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने हिमालयी क्षेत्र में स्थित केदारनाथ धाम के मंगलवार को दर्शन किए। दोनों नेताओं में मतभेद की खबरों के बीच यह दौरा हुआ है।

सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश चौधरी भी दोनों के साथ उत्तराखंड स्थित इस मंदिर में पहुंचे।

उन्होंने बताया कि चन्नी, सिद्धू और चौधरी मंदिर में प्रार्थना करने के लिए मंगलवार की सुबह रवाना हुए। देहरादून पहुंचने के बाद, पंजाब के नेताओं ने पार्टी नेता हरीश रावत से भी मुलाकात की। हरीश रावत इससे पहले पंजाब मामलों के लिए पार्टी के प्रभारी थे।

चन्नी और सिद्धू का दौरा ऐसे समय में हुआ है जब एक दिन पहले पूर्व क्रिकेटर सिद्धू ने चुनाव से ठीक पहले “लॉलीपॉप” की पेशकश करने वाले राजनेताओं पर हमला बोला और लोगों से पंजाब के कल्याण के एजेंडे पर वोट देने का आग्रह किया।

सिद्धू की यह टिप्पणी उस दिन आई जब चन्नी ने घरेलू श्रेणी के लिए बिजली दरों में तीन रुपये प्रति यूनिट की कटौती और पंजाब में सरकारी कर्मचारियों और पेंशन भोगियों के लिए महंगाई भत्ता बढ़ाने की घोषणा की। राज्य में अगले साल के शुरु में विधानसभा चुनाव होने हैं।

प्रदेश में कुछ नियुक्तियों को लेकर सिद्धू और चन्नी में कुछ मतभेद हैं जिससे दोनों के बीच संबंधों में खटास आ गई थी।

पूर्व क्रिकेटर ने पुलिस महानिदेशक, राज्य के महाधिवक्ता और “दागी” नेताओं की नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए सितंबर में अचानक कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया था।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!